दो अलग-अलग स्थानों पर लगी आग, एक व्यक्ति झुलसा
चित्तौड़गढ़। शहर में शनिवार को दो अलग अलग स्थानों पर आग की घटना के दौरान अफरा-तफरी मच गई। पहली घटना सिंचाई नगर क्षेत्र में हुई, जहां कच्चे मकान में किराये पर रह रहे गोपाल पुत्र गोवर्धन धोबी पताशे बनाते समय हादसे का शिकार हो गए। जानकारी के अनुसार गैस सिलेंडर से जुड़ी नली अचानक फट गई, जिससे आग भपक उठी और गोपाल गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे में उनका चेहरा और एक हाथ बुरी तरह जल गया। सूचना मिलते ही दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंच आग पर काबू पाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार छोटे सिलेंडर में धमाके के साथ आग भड़की, जिससे केलुओं से बना पतेड़े का हिस्सा आंशिक रूप से ढह गया। गनीमत रही कि गोपाल ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते अपनी पत्नी और दो छोटे बच्चों को बाहर निकाल दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। दमकलकर्मियों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और घायल गोपाल को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वही दूसरी ओर शहर के कलेक्ट्री चौराहा क्षेत्र में स्थित एसबीआई बैंक के सामने एक गली में भी आग की घटना सामने आई। यहां खाली भूखंड में पड़े कचरे को जलाने के दौरान और गर्मी अधिक होने के कारण आग अचानक फैल गई। स्थानीय लोगों ने पहले पानी की बाल्टियों से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग बढ़ने पर तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आग को विकराल रूप लेने से पहले ही काबू में कर लिया। आग बुझाने में ड्राइवर बलवंत सिंह, करण सिंह तथा फायरमैन तौफिक रजा, हिमांशु, संजय शर्मा और चंद्रेश की टीम ने समय रहते दोनों स्थानों पर आग बुझाई।