वार्ड सभाओं में आमजन ने दिए विकास के सुझाव

By :  vijay
Update: 2026-04-10 19:10 GMT



चित्तौड़गढ़, । नगर परिषद चित्तौड़गढ़ द्वारा “विकसित राजस्थान” के लक्ष्य को साकार करने हेतु मुख्यमंत्री शहरी वार्ड अभियान के अंतर्गत शहर के विभिन्न वार्डों में वार्ड सभाओं का आयोजन निरंतर किया जा रहा है। इन सभाओं के माध्यम से वार्डवासियों से क्षेत्रीय विकास से जुड़े सुझाव प्राप्त कर योजनाबद्ध विकास की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

इसी क्रम में गुरुवार, 9 अप्रैल को वार्ड संख्या 2, 10, 13, 23, 35 एवं 44 में वार्ड सभाओं का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय नागरिकों ने सड़क, नाली, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े सुझाव प्रस्तुत किए।

वहीं शुक्रवार को वार्ड संख्या 3, 11, 14, 24, 36 एवं 45 में भी वार्ड सभाएं आयोजित की गईं, जिनमें बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे और अपने क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

नगर परिषद द्वारा शहर के सभी 60 वार्डों में आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सुझाव पेटिकाएं भी स्थापित की जा रही हैं। इन पेटिकाओं में वार्डवासी अपने क्षेत्र के विकास से संबंधित सुझाव लिखित रूप में दे सकेंगे।

इसके अलावा नागरिक व्हाट्सएप और ई-मेल के माध्यम से भी अपने सुझाव नगर परिषद तक भेज सकते हैं। नागरिक अपने सुझाव WhatsApp नंबर 8279092155 तथा ईमेल आईडी Nagarparishadchittorgarh@gmail.com पर प्रेषित कर सकते हैं, ताकि अधिक से अधिक जनसहभागिता सुनिश्चित हो सके।

Similar News