एनएसयूआई स्थापना दिवस पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित

Update: 2026-04-10 15:03 GMT

 चित्तौड़गढ़। एनएसयूआई के स्थापना दिवस के अवसर पर जिलेभर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर इसे उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर एनएसयूआई द्वारा पूरे सप्ताह भर चलाए गए कार्यक्रमों का समापन भी किया गया, जिसमें छात्र हितों से जुड़े अनेक जनसेवा एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। सप्ताहिक कार्यक्रमों के तहत एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने स्वच्छता अभियान, जरूरतमंदों की सहायता, गौ सेवा करते हुए गायों को चारा खिलाकर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई। इसके साथ ही छात्र हितों को लेकर विचार गोष्ठियां एवं संगठन को मजबूत करने के लिए बैठकों का भी आयोजन किया गया। स्थापना दिवस के दिन सभी छात्र-छात्राओं को एनएसयूआई की शपथ दिलाई गई, जिसमें संगठन के प्रति निष्ठा, छात्र अधिकारों की रक्षा एवं लोकतंत्र को मजबूत करने का संकल्प लिया गया। सभी ने एक स्वर में कहा कि वे हर छात्र की आवाज बनकर उनके हक के लिए निरंतर संघर्ष करेंगे। इस अवसर पर प्रदेश महासचिव संजय सेन एवं जिला उपाध्यक्ष शुभम शर्मा ने मंच संचालन किया। कार्यक्रम में युवराज सिंह, महेश धनगर, रजा शेख, कृष्णा जाट, पायल मेनारिया, पूजा राठौर सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। इस दौरान संजय राव ने विशेष रूप से छात्राओं की भागीदारी पर जोर देते हुए कहा कि छात्राओं को भी राजनीति में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संदेश देकर छात्र हितों के लिए निरंतर संघर्ष करने का संकल्प दोहराया।

Similar News