मजदूरों को दी उनके अधिकारों और कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी

Update: 2026-04-10 15:00 GMT

 चित्तौड़गढ़। शहर के वार्ड नंबर 56 शिव शक्ति नगर और वार्ड नंबर 57 भोई खेड़ा के निवासियों एवं श्रमिकों के लिए श्रम विभाग द्वारा एक विशेष कानूनी शिक्षण बैठक का आयोजन किया गया। बाल किशन भोई ने बताया कि माताजी के देवरे के पास चौराहे पर आयोजित इस चौपाल में बड़ी संख्या में स्थानीय श्रमिकों ने भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य मार्बल, रीको और भवन निर्माण जैसे क्षेत्रों में काम करने वाले दिहाड़ी मजदूरों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना था। श्रम विभाग के कर्मचारी हेमराज बेरवा और पंकज गुर्जर ने श्रमिकों को विस्तार से वित्तीय सुरक्षा, पीएफ, बोनस और ग्रेच्युटी के लाभ, स्वास्थ्य एवं बीमा के तहत मिलने वाली सुविधाएं, कार्यस्थल पर दुर्घटना होने की स्थिति में कर्मचारी क्षतिपूर्ति अधिनियम के तहत मुआवजे की प्रक्रिया, मजदूरी भुगतान अधिनियम के तहत समय पर और उचित वेतन पाने के अधिकार के सम्बन्ध में जानकारी दी गई। बैठक के दौरान अधिकारियों ने जोर दिया कि इस चौपाल का उद्देश्य केवल जानकारी देना ही नहीं, बल्कि श्रमिकों के हितों की रक्षा करना और नियोक्ताओं के साथ उनके संबंधों में सुधार लाना है। श्रमिकों को बताया गया कि वे किस प्रकार सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर अपने परिवार का भविष्य सुरक्षित कर सकते हैं। बैठक में क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक और श्रमिक उपस्थित रहे, जिनमें मुख्य रूप से कालु, भगवान, कमलेश, सोहन, राकेश, पुनमचंद, सोहन, राधेश्याम, हरिराम और कैलाश भोई सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठजन एवं ग्रामवासी मौजूद थे।

Similar News