योग दिवस को लेकर सोशल मीडिया पर डाला आपत्तिजनक पोस्ट, पुलिस ने 13 लोगों को किया गिरफ्तार

Update: 2025-06-23 17:27 GMT

जैसलमेर। राजस्थान के पोकरण से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां सोशल मीडिया पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से संबंधित एक आपत्तिजनक पोस्ट करने के बाद तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। जिसके बाद पुलिस ने एक्शन लेते हुए 13 लोगों को गिरफ्तार किया। सोमवार को पुलिस ने इस संबंध में जानकारी दी है।दरअसल, योग दिवस के बारे में कथित तौर पर आपत्तिजनक पोस्ट शेयर करने के आरोप में पुलिस ने एक शख्स को गिरफ्तार किया। इस गिरफ्तारी के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया।

थाने के बाहर बड़ी संख्या में जमा हो गई भीड़

मामले को लेकर एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद रविवार रात करीब 11 बजे पोकरण पुलिस थाने के बाहर भीड़ जमा हो गई, जिससे सार्वजनिक व्यवस्था बाधित हुई। घटना को लेकर पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने बताया कि विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व स्थानीय सरपंच के पति फिरोज खान कर रहे थे।

पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने बताया कि फिरोज खान ने लोगों को गुमराह किया और उन्हें पुलिस स्टेशन पर इकट्ठा होने के लिए उकसाया। उसे सरकारी काम में बाधा डालने और अशांति पैदा करने के आरोप में उसके पांच साथियों के साथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि शांति भंग करने के आरोप में सात अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है, जिससे गिरफ्तारियों की कुल संख्या 13 हो गई है।

कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ एक्शन

पुलिस अधीक्षक ने स्थिति का आकलन करने के लिए पोकरण का दौरा किया। वहीं, अधिकारियों को कानून-व्यवस्था को बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि स्थिति अब पूरी तरह से नियंत्रण में है। पुलिस ने कहा कि इस मामले में अन्य कई संदिग्धों की पहचान कर ली गई है। टीमें उन्होंने गिरफ्तार करने के लिए तलाशी अभियान चला रही हैं।

Tags:    

Similar News