गांधीनगर में मकान पर पुलिस की दबिश, घोड़ी दाना पर दांव लगाते 13 जुआरी गिरफ्तार
चित्तौड़गढ़ (हलचल)। कोतवाली थाना पुलिस ने शहर के गांधीनगर इलाके में चल रहे एक बड़े जुआ सट्टे के अड्डे का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक रिहायशी मकान में दबिश देकर 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से हजारों की नकदी, सट्टे के उपकरण और वाहन बरामद किए गए हैं।
मकान की पहली मंजिल पर चल रहा था जुआ
एसपी मनीष त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस को गांधीनगर सेक्टर 4 स्थित संजय तेली के मकान में जुआ चलने की सटीक सूचना मिली थी। इस पर प्रशिक्षु आरपीएस मनीष शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम ने घेराबंदी कर मकान पर छापा मारा। पुलिस जब पहली मंजिल के कमरे में दाखिल हुई, तो वहां 13 लोग गोला बनाकर 'घोड़ी दाना' पर रुपयों का दांव लगा रहे थे।
75 हजार की नकदी और 5 वाहन जब्त
पुलिस ने मौके से 75 हजार रुपए नकद और जुआ खेलने के उपकरण बरामद किए। इसके साथ ही मकान के चौक में खड़ी 3 स्कूटी और 2 बाइक भी पुलिस ने जब्त कर ली। गिरफ्तार आरोपियों में मकान मालिक संजय तेली सहित शहर के विभिन्न मोहल्लों के निवासी शामिल हैं, जिनमें लीला शंकर खटीक, अजमद खान, मोहम्मद रईस, जाहिद हुसैन, फिरोज मोहम्मद, गंगाधर खत्री, असलम मोहम्मद, मुबारिक हुसैन, विनोद कुमावत, बबलू कुमावत, अयूब मोहम्मद और कमरु खां शामिल हैं।
इस टीम ने की कार्रवाई
इस बड़ी कार्रवाई में थानाधिकारी तुलसीराम के सुपरविजन में एसआई श्यामलाल, पारस कुमार, एएसआई नवरंग लाल, कैलाश चन्द्र, हैड कांस्टेबल राजेन्द्र सिंह सहित टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे। पुलिस अब आरोपियों से इस अवैध धंधे के नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455.
