जनगणना 2027: स्व-गणना के लिए आमजन से सहयोग का आह्वान
सीकर, । प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिला कलेक्टर, सीकर आशीष मोदी ने बताया कि भारत की जनगणना राष्ट्र की एक अत्यंत महत्वपूर्ण एवं व्यापक प्रशासनिक प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से देश के प्रत्येक नागरिक से संबंधित सामाजिक, आर्थिक एवं जनसांख्यिकीय जानकारी एकत्रित की जाती है। इन आंकड़ों के आधार पर केंद्र एवं राज्य सरकारें विभिन्न विकास योजनाओं, आधारभूत सुविधाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा तथा अन्य जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रभावी रूपरेखा तैयार करती हैं।
उन्होंने बताया कि राजस्थान राज्य में जनगणना 2027 के प्रथम चरण, अर्थात् मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना (एचएलओ) के अंतर्गत स्व-गणना का कार्य 1 मई 2026 से 15 मई 2026 तक तथा फील्ड कार्य 16 मई 2026 से 14 जून 2026 तक किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण कार्य को जनसहभागिता के साथ सफल बनाने के लिए आवश्यक है कि जनगणना का संदेश प्रत्येक नागरिक तक पहुंचे तथा आमजन इसके महत्व को समझते हुए सक्रिय सहयोग प्रदान करें।
डिजिटल इंडिया पहल के अनुरूप जनगणना 2027 में डेटा संग्रहण एवं प्रसार को अधिक गुणवत्तापूर्ण, दक्ष एवं समयबद्ध बनाने के उद्देश्य से डिजिटल प्रौद्योगिकी का व्यापक उपयोग किया जाएगा। इसके तहत प्रगणकों द्वारा डेटा संकलन के लिए एक समर्पित मोबाइल एप्लिकेशन (एचएलओ एप्लीकेशन) का उपयोग किया जाएगा। साथ ही, आम नागरिकों के लिए स्व-गणना (सेल्फ-एन्यूमरेशन) की सुविधा 1 मई 2026 से 15 मई 2026 तक एक समर्पित वेब पोर्टल https://se.census.gov.in के माध्यम से उपलब्ध रहेगी।
यह पोर्टल मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना के लिए प्रगणकों द्वारा घर-घर सर्वे प्रारंभ होने से पूर्व 15 दिनों की अवधि के लिए आमजन के लिए खुला रहेगा। स्व-गणना एक सरल, सुरक्षित एवं सुविधाजनक माध्यम है, जिसके माध्यम से परिवार अपनी सुविधा अनुसार विवरण दर्ज कर सकते हैं। यह पोर्टल हिंदी, अंग्रेजी सहित 14 क्षेत्रीय भाषाओं में उपलब्ध है। परिवार का कोई भी एक सदस्य लगभग 15 से 20 मिनट में स्व-गणना प्रक्रिया पूर्ण कर सकता है तथा स्व-गणना पहचान संख्या (एसई आईडी) मोबाइल अथवा ई-मेल पर प्राप्त कर सकता है।
प्रगणक के भ्रमण के दौरान दर्ज विवरण की पुष्टि एवं अंतिम प्रस्तुतिकरण के लिए एसई आईडी साझा करना आवश्यक होगा। स्व-गणना प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए चरणबद्ध मार्गदर्शन के लिए उपयोगकर्ता मार्गदर्शिका (यूजर गाइड) भी उपलब्ध कराई गई है।
जिला कलेक्टर ने सभी शासकीय विभागों, अधीनस्थ कार्यालयों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अन्य संगठनों से अपील की है कि वे अधिसूचित अवधि के दौरान स्व-गणना के लिए अधिक से अधिक लोगों को प्रेरित करें, ताकि व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित हो सके तथा इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य को कुशल, पारदर्शी एवं प्रौद्योगिकी-सक्षम तरीके से संपादित किया जा सके।
