अजमेर। राजस्थान के अजमेर जिले में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। आदर्श नगर थाने के ठीक सामने हाईवे पर एक स्लीपर बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और पलट गई। इस हादसे में बस ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार दुल्हन के रिश्तेदारों सहित 20 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
शादी की खुशियां मातम में बदलीं
घायल यात्री किरण अग्रवाल ने बताया कि बस अहमदाबाद से सीकर जा रही थी। आगामी 7 मार्च को सीकर में उनकी बहन की बेटी की शादी होनी है। दुल्हन पहले ही सीकर पहुँच चुकी थी, जबकि बाकी रिश्तेदार इस बस से जा रहे थे। शुक्रवार सुबह करीब 3:30 बजे जब सभी यात्री गहरी नींद में थे, तभी अचानक जोर का धमाका हुआ और बस पलट गई।
नींद की झपकी या हार्ट अटैक बना कारण
सीओ मनीष बड़गुजर ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि प्रथम दृष्टया हादसे का कारण ड्राइवर को नींद की झपकी आना या अचानक हार्ट अटैक आना माना जा रहा है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुँचकर तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को जेएलएन (JLN) अस्पताल पहुँचाया।
अस्पताल में अलर्ट, घायलों का उपचार जारी
हादसे की सूचना मिलते ही जेएलएन मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. अनिल सामरिया और अस्पताल अधीक्षक डॉ. अरविंद खरे अस्पताल पहुँचे। घायलों की संख्या को देखते हुए मेडिकल टीम को तुरंत उपचार के निर्देश दिए गए। घायलों में 2 साल की बच्ची से लेकर 65 वर्ष तक के बुजुर्ग शामिल हैं।
हादसे में घायल हुए लोगों की सूची:
अभिषेक (33), केशवी (2), रेणु (45), बृजमोहन (56), सुमित (45), दिनेश प्रसाद (50), किरण (52), जीतू महाराज (50), आशा मोयल (60), जतिन (25), पायल (30), वंदना (65), खेमचंद (50), हरीश अग्रवाल (60) समेत कुल 23 लोग उपचाराधीन हैं।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा। फोन: 7737741455
