चित्तौड़गढ़ में बच्चा चोरी का शोर: नशे में धुत महिला की जमकर धुनाई, पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा

Update: 2026-03-05 17:03 GMT


चित्तौड़गढ़। शहर में गुरुवार को बच्चा चोरी की अफवाह और आशंका के चलते एक महिला को भीड़ के गुस्से का सामना करना पड़ा। 4 साल की मासूम बच्ची को साथ ले जाने की कोशिश के शक में लोगों ने एक महिला को दबोच लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। हालांकि, पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला बच्चा चोरी का न होकर नशे की हालत में भटकने का सामने आया है।

खाना मांगने आई और बच्ची को ले चली

घटनाक्रम के अनुसार, बुधवार शाम करीब 6:30 बजे एक महिला और एक अज्ञात युवक एक घर के बाहर पहुंचे और खाना मांगने लगे। उस समय घर में 10 साल का बालक और उसकी 4 साल की छोटी बहन मौजूद थे। आरोप है कि कुछ देर बाद महिला और युवक बच्ची को लेकर अगली गली की ओर जाने लगे। तभी भाई ने अपनी मां को सूचना दी। मां ने जब अपनी बेटी को अजनबियों के साथ जाते देखा, तो 'बचाओ-बचाओ' का शोर मचा दिया।

भीड़ का फूटा गुस्सा, महिला के खींचे बाल

शोर सुनकर मोहल्ले के लोग इकट्ठा हो गए और महिला को घेर लिया। लोगों ने बच्ची को महिला के चंगुल से छुड़ाकर परिजनों को सौंपा और महिला की पिटाई शुरू कर दी। आक्रोशित भीड़ में मौजूद कुछ महिलाओं ने उसके बाल पकड़कर खींचे और धक्का-मुक्की की। इस दौरान महिला के साथ मौजूद युवक मौके से फरार होने में कामयाब रहा।

पुलिस जांच: नशे में मिली महिला, चोरी की पुष्टि नहीं

सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर अस्पताल पहुंचाया। मेडिकल जांच में पुष्टि हुई कि महिला भारी नशे की हालत में थी। पूछताछ में महिला ने बताया कि नशे के कारण उसे होश नहीं था कि वह कहाँ है और किसके साथ है। उसने किसी युवक के साथ होने से भी इनकार किया है।

पुलिस के अनुसार, अब तक की जांच में बच्चा चोरी का कोई ठोस सबूत नहीं मिला है। फिलहाल महिला को सखी सेंटर भेज दिया गया है और मामले की गहराई से तफ्तीश की जा रही है।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा

फोन: 7737741455

एंकर: विजय गढ़वाल

Similar News