श्रीगंगानगर, ।हनुमानगढ़ में आज पुलिस और नगर परिषद की संयुक्त कार्रवाई में एक कुख्यात नशा तस्कर के रिहायशी मकान का अवैध अतिक्रमण ध्वस्त कर दिया गया। आरोपी श्योकत अली उर्फ खट्टू निवासी गाहडू हाल रूपनगर, वार्ड नं. 11 हनुमानगढ़ टाउन के खिलाफ नशा तस्करी, चोरी, मारपीट आदि के दर्जनों प्रकरण पहले से दर्ज हैं। पुलिस अधीक्षक हरिशंकर ने बताया कि जिले में नशा तस्करी, अवैध मदक पदार्थों, अवैध शराब, जुआ, सट्टा, अवैध धंधों और संपत्ति से जुड़े अपराधों पर लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। इन अभियानों के तहत अपराधियों और गैंगस्टरों को सख्ती से पकड़ा जा रहा है। इसी क्रम में आज टाउन पुलिस थाना प्रभारी अशोक बिश्नोई ने एडिशनल एसपी अरविंद बिश्नोई और डीएसपी मीनाक्षी सहारण के सुपरविजन में नगर परिषद की मदद से यह कार्रवाई की गई।श्योकत अली उर्फ खट्टू ने अपने रिहायशी मकान पर अवैध रूप से अतिक्रमण कर रखा था। नगर परिषद ने उसे 7 दिन का नोटिस जारी कर कागजात पेश करने को कहा था, लेकिन आरोपी ने कोई दस्तावेज नहीं दिखाया। आज सुबह मौके पर पहुंचकर मकान की पैमाइश की गई और पूरा अतिक्रमण ध्वस्त कर दिया गया।