प्रदेश की 3,858 पंचायतों का कार्यकाल पूरा: आधी रात से खत्म हुआ कार्यकाल, सरकार ने प्रशासक नियुक्त करने के दिए निर्देश

Update: 2025-10-14 02:19 GMT


 

जयपुर। प्रदेश की 3,858 ग्राम पंचायतों का कार्यकाल 14 अक्टूबर की आधी रात से पूरा हो गया है। अब इन पंचायतों की बागडोर अस्थायी रूप से प्रशासकों के हाथों में जाएगी।

राज्य सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था सुचारु रखने के लिए सभी जिलों को प्रशासक नियुक्त करने के निर्देश जारी कर दिए हैं।

कार्यकाल समाप्त होने के बाद संबंधित पंचायतों में सरपंचों और सदस्यों के अधिकार स्वतः समाप्त माने जाएंगे। अब इन पंचायतों का संचालन ग्राम विकास अधिकारी या अन्य नामित अधिकारी प्रशासक के रूप में करेंगे।

इधर, कई पंचायतों के सरपंचों ने सरकार से बकाया बजट और लंबित योजनाओं को जारी करने की मांग की है। उनका कहना है कि चुनावी प्रक्रिया के चलते विकास कार्य ठप न पड़ें, इसके लिए तत्काल वित्तीय स्वीकृति दी जानी चाहिए।

राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि नई पंचायती राज संस्थाओं के गठन तक प्रशासक पंचायतों के दैनिक कार्यों और योजनाओं के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी संभालेंगे।


Tags:    

Similar News