बड़ी कार्रवाई: जल जीवन मिशन के 960 करोड़ के घोटाले में 9 अधिकारी गिरफ्तार, सुबोध अग्रवाल समेत 4 फरार
फर्जी दस्तावेजों से हड़पे थे टेंडर; एसीबी की एसआईटी ने 65 दिन की जांच के बाद जयपुर, दिल्ली और बाड़मेर में दी दबिश
जयपुर (बीएचएन)। राजस्थान में जल जीवन मिशन (JJM) से जुड़े करोड़ों रुपये के भ्रष्टाचार मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने मंगलवार सुबह बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। एसीबी ने 960 करोड़ रुपये के कथित फर्जीवाड़े में मुख्य अभियंता और वित्तीय सलाहकार स्तर के अधिकारियों सहित कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद एक साथ दबिश
एसीबी के डीजी गोविंद गुप्ता ने बताया कि गठित विशेष जांच दल (SIT) ने पिछले 65 दिनों तक तकनीकी और दस्तावेजी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया। इसके बाद मंगलवार सुबह जयपुर, बाड़मेर, उदयपुर और दिल्ली में एक साथ दबिश देकर आरोपियों को दबोचा गया। हालांकि, इस मामले में सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी सुबोध अग्रवाल सहित चार अन्य आरोपी फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं।
इरकॉन के फर्जी सर्टिफिकेट से हासिल किए टेंडर
जांच में यह सनसनीखेज खुलासा हुआ है कि मैसर्स श्री गणपति ट्यूबवेल कंपनी और मैसर्स श्री श्याम ट्यूबवेल कंपनी ने अधिकारियों से मिलीभगत कर इरकॉन इंटरनेशनल लिमिटेड के फर्जी कार्यपूर्णता प्रमाणपत्र तैयार किए थे। इन जाली दस्तावेजों के आधार पर जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) से करीब 960 करोड़ रुपये के विभिन्न टेंडर हासिल किए गए।
गिरफ्तार अधिकारियों में बड़े पद शामिल
एसीबी की इस कार्रवाई में विभाग के मुख्य अभियंता, अधिशासी अभियंता और वित्तीय सलाहकार जैसे उच्च पदों पर आसीन अधिकारियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और जल्द ही कुछ और बड़े नामों के खुलासे की उम्मीद है।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455.
