विधायक कृपलानी की अनुशंसा पर उपमुख्यमंत्री दिया ने बजट रिप्लाई में निंबाहेड़ा विधानसभा को दी बड़ी सौगातें
निम्बाहेड़ा।
राजस्थान सरकार द्वारा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रस्तुत बजट पर सदन में दिए गए बजट रिप्लाई के दौरान मंगलवार को वित्त मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने निंबाहेड़ा विधानसभा क्षेत्र को महत्वपूर्ण सौगातें प्रदान की हैं। यह घोषणाएं पूर्व यूडीएच मंत्री एवं विधायक श्रीचंद कृपलानी की अनुशंसा पर की गईं।
बजट रिप्लाई में निंबाहेड़ा ब्लॉक के अरनोदा ग्राम में संचालित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में क्रमोन्नत करने की घोषणा की गई। इस निर्णय से अरनोदा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों नागरिकों को बेहतर एवं विस्तृत चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनने से विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति, अतिरिक्त स्टाफ एवं आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार संभव होगा।
इसके अतिरिक्त, छोटीसादड़ी ब्लॉक की अचलपुरा ग्राम पंचायत स्थित ऊंट का घोड़ा एनीकट के निर्माण हेतु 2.50 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। एनीकट निर्माण से क्षेत्र में जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा तथा किसानों को सिंचाई के लिए स्थायी जल स्रोत उपलब्ध होगा। इससे कृषि उत्पादन में वृद्धि के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
इन घोषणाओं से निंबाहेड़ा विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य एवं सिंचाई सुविधाओं के विस्तार को नई दिशा मिलेगी।