राजसमंद 1 फरवरी। विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर आचार्य श्री महाश्रमण जी के पावन आशीर्वाद एवं अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल के निर्देशन में देशभर में कैंसर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में तेरापंथ महिला मंडल राजनगर एवं कांकरोली के संयुक्त तत्वावधान में 04 फरवरी 2026, मंगलवार को सर्वाइकल कैंसर जांच हेतु पैप स्मियर टेस्ट का विराट शिविर आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन 100 फीट रोड स्थित स्वास्थ्य भवन (सी.एम.एच.ओ कार्यालय परिसर), राजसमंद में किया जाएगा।
मुनि श्री संबोध कुमार जी ने रविवार को भिक्षु निलयम में संबोधित करते हुए कहा की मानव जीवन में संयम का महत्व सर्वाधिक है, जब जीवन में संयम होता है तब हम बीमारियों से जीत जाते हैं, खान-पान, रहन-सहन हर जगह संयम अपनाना आवश्यक है। उन्होंने आमजन से शिविर का लाभ लेने और स्वस्थ जीवन शैली अपनाने की अपील की।
तेरापंथ महिला मंडल राजनगर अध्यक्षा श्रीमती रितु धोका एवं तेरापंथ महिला मंडल कांकरोली अध्यक्षा श्रीमती मनीषा कच्छारा ने बताया कि विश्व कैंसर दिवस के उपलक्ष्य में मुनि श्री सुरेश कुमार के सहवर्ती मुनि श्री संबोध कुमार ‘मेधांश’ ने अपने सम्बोधन में कहा कि जीवन सदियों के पुरुषार्थ का परिणाम है। आज स्वास्थ्य सबसे बड़ी चुनौती बन गया है। कैंसर निश्चित ही एक गंभीर चुनौती है, लेकिन सतत प्रयास, जागरूकता और संयम से इस पर विजय पाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि यह शिविर राजसमंद की नारी शक्ति को निरामय एवं सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध होगा।
तेरापंथ महिला मंडल राजनगर अध्यक्षा श्रीमती रितु धोका ने बताया कि 04 फरवरी को प्रातः 9:00 बजे से 10:00 बजे तक कैंसर अवेयरनेस सेमिनार का आयोजन किया जाएगा। सेमिनार के पश्चात अधिक महिलाओं का पैप स्मियर टेस्ट किया जाएगा, जो पूर्णतः निःशुल्क होगा।