उदयपुर में महिला की मौत के बाद ससुराल में हमला, पीहर पक्ष ने 4 घरों में लगाई आग
उदयपुर जिले के बेकरिया थाना क्षेत्र के जाबुआ खुना गांव में मंगलवार देर रात करीब 11 बजे एक महिला की मौत के बाद पीहर पक्ष के 30-40 लोगों ने ससुराल पर हमला कर दिया।
आरोपियों ने कुल्हाड़ी, लाठी और बंदूक सहित हथियारों से लैस होकर पहले घरों में तोड़फोड़ और लूटपाट की। घर में मौजूद परिवार के लोग डर के मारे जंगल की तरफ भाग गए। आरोपियों ने घर में रखे गेहूं और मक्के से भरे कट्टे जलाकर 4 घरों में आग लगा दी।
आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई है जारी
सूचना मिलने पर बेकरिया थाना प्रभारी उत्तम सिंह मेड़तिया जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। घटना में शामिल 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी है। थानाधिकारी ने बताया कि घटनास्थल का जायजा लिया गया है और सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई जारी है। आगजनी और लूटपाट के मामलों में जांच पूरी कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।