खेजड़ी बचाने के लिए बीकानेर में अनिश्चितकालीन अनशन तीसरे दिन भी जारी, सर्दी में डटे सैकड़ों पर्यावरण प्रेमी
बीकानेर। बीकानेर के पब्लिक पार्क स्थित बिश्नोई धर्मशाला के सामने खेजड़ी वृक्षों को बचाने की मांग को लेकर चल रहा अनिश्चितकालीन अनशन तीसरे दिन भी जारी रहा। कड़ाके की सर्दी के बावजूद आंदोलन स्थल पर 450 से अधिक पर्यावरण प्रेमी, संत और 50 से ज्यादा महिलाएं डटी हुई हैं, जिससे आंदोलन की गंभीरता साफ नजर आ रही है।
आंदोलनकारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि वे किसी भी तरह के समझौते को स्वीकार नहीं करेंगे। अनशन पर बैठे लोगों का कहना है कि जब तक खेजड़ी संरक्षण को लेकर ठोस और लिखित निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। अनशन के दौरान महेंद्रकुमार आंखों पर पट्टी बांधकर बैठे हैं और उन्होंने मांगें पूरी होने तक पट्टी न खोलने का संकल्प लिया है।
स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने मौके पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। आंदोलन स्थल पर 200 से अधिक पुलिसकर्मी, आरएसी और एसटीएफ के जवान तैनात किए गए हैं, जो चौबीसों घंटे निगरानी कर रहे हैं। इसके बावजूद आंदोलन शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा है।
आंदोलन के नेतृत्वकर्ताओं ने कहा कि खेजड़ी केवल एक वृक्ष नहीं, बल्कि पर्यावरण और जीवन का आधार है। उन्होंने प्रशासन से जल्द निर्णय लेने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि अनदेखी की स्थिति में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।