पाली। सोमवार दोपहर पाली जिले के सोजत थाना इलाके में बागावास गांव के पास चूने के कट्टों से भरा एक ट्रेलर अचानक बेकाबू होकर हाईवे पर पुल से नीचे लटक गया। हादसे में ट्रेलर का चालक और एक बाइक सवार घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, बाइक सवार बागावास निवासी हेमराज पुत्र बाबूलाल और ट्रेलर चालक जयपुर निवासी किशन हैं। ट्रेलर हाईवे पर चलते हुए अचानक बेकाबू हुआ और पुल की दीवार तोड़ते हुए हवा में लटक गया। उसी समय बाइक सवार युवक इसकी चपेट में आ गया और ट्रेलर में लदे चूने के कट्टों के नीचे दब गया।
मौके पर राहगीरों और अन्य ट्रक ड्राइवरों ने मिलकर रेस्क्यू शुरू किया और दोनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। घायल चालक और बाइक सवार का इलाज पाली के बांगड़ हॉस्पिटल में जारी है। घटना के कारण हाईवे पर लंबा जाम लग गया और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रैफिक को नियंत्रित किया।