चित्तौड़गढ़ पुलिस का ऑपरेशन ‘त्रिनेत्र’: निम्बाहेड़ा में बड़ी कार्रवाई, सीक्रेट टैंक वाली बाइक से 10 किलो अफीम जब्त
भीलवाड़ा हलचल। चित्तौड़गढ़ जिला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन ‘त्रिनेत्र’ के तहत निम्बाहेड़ा कोतवाली पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने जालिया चेकपोस्ट पर नाकाबंदी के दौरान एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में अफीम बरामद की है।
पेट्रोल टंकी के नीचे बना रखा था ‘सीक्रेट टैंक’
जानकारी के अनुसार, कोतवाली पुलिस ने जालिया चेकपोस्ट पर विशेष नाकाबंदी कर रखी थी। इस दौरान एक संदिग्ध बाइक को रुकवाकर तलाशी ली गई। प्रथम दृष्टया बाइक सामान्य नजर आ रही थी, लेकिन गहनता से जांच करने पर पुलिस के होश उड़ गए। तस्कर ने पुलिस को चकमा देने के लिए बाइक की पेट्रोल टंकी के नीचे एक विशेष 'सीक्रेट टैंक' बना रखा था। जब इस गुप्त केबिन को खोला गया, तो उसमें भारी मात्रा में अफीम भरी हुई मिली।
एमपी का तस्कर गिरफ्तार, 10 किलो के करीब अफीम बरामद
पुलिस ने मौके से मध्य प्रदेश निवासी शातिर तस्कर रितुराज सिंह राठौड़ को गिरफ्तार किया है। बरामद अफीम का कुल वजन 9 किलो 864 ग्राम मापा गया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस खेप की कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।
नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
पुलिस अब पकड़े गए आरोपी से कड़ी पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि अफीम की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे कहां सप्लाई किया जाना था। इस कार्रवाई से तस्करी जगत में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऑपरेशन ‘त्रिनेत्र’ के तहत अवैध गतिविधियों पर इसी तरह प्रहार जारी रहेगा।