मुख्यमंत्री ने झाड़ू लगाकर दिया स्वच्छता का संदेश: सफाईकर्मियों को सौंपी पीपीई किट

Update: 2026-03-14 08:04 GMT

जयपुर के अल्बर्ट हॉल म्यूजियम से शनिवार को प्रदेशव्यापी स्वच्छता संकल्प एवं जागरूकता अभियान की शुरुआत हुई। इस मौके पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने खुद श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया और लोगों से अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने का आह्वान किया।

राज्य स्तरीय कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सफाईकर्मी, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आमजन मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने नगर निगम के सफाईकर्मियों को पीपीई किट बांट कर कहा कि स्वच्छता अभियान तभी सफल हो सकता है, जब समाज का हर वर्ग इसमें सक्रिय भागीदारी निभाए।

कार्यक्रम के दौरान रेहड़ी-पटरी और छोटे कारोबारियों को आर्थिक सहायता देने वाली प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर आत्मनिर्भर निधि योजना के तहत लाभार्थियों को चेक भी बांटे गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना छोटे व्यापारियों को आर्थिक मजबूती देने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों को स्वच्छता के लिए नागरिक कर्तव्य की शपथ भी दिलाई। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं है, बल्कि यह हर नागरिक की जिम्मेदारी है। यदि हर व्यक्ति अपने घर, गली और आसपास के क्षेत्रों को साफ रखने का संकल्प ले तो प्रदेश को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सकता है।

कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने राम निवास गार्डन में पौधारोपण भी किया। इस दौरान सांसद मदन राठौड़, विधायक गोपाल शर्मा, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास और स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर के.के. गुप्ता सहित अलग - अलग विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

बता दें कि मुख्यमंत्री की पहल पर इस साल भी चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के अवसर पर राजस्थान दिवस मनाया जाएगा। राज्य सरकार की ओर से 14 मार्च से 19 मार्च तक सांस्कृतिक और जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदेश में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक भागीदारी को बढ़ावा देने का लक्ष्य रखा गया है।

Similar News