चित्तौड़गढ़ दुर्ग पर गूंजेंगे जयकारे: योगी आदित्यनाथ के दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट, जौहर मेले में बढ़ेंगी रौनकें

Update: 2026-03-14 08:09 GMT

चित्तौड़गढ़ में रविवार को होने वाले जौहर श्रद्धांजलि समारोह में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल होंगे। उनका चित्तौड़गढ़ दौरा करीब दो घंटे 35 मिनट का रहेगा। तय कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 11:20 बजे रिजर्व पुलिस लाइन के हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर से पहुंचेंगे।

इसके बाद वे 11:45 बजे ऐतिहासिक विजय स्तंभ के पास स्थित जौहर स्थल पहुंचेंगे, जहां यज्ञ की पूर्णाहुति कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके बाद 12:05 बजे वे कालिका माता मंदिर में दर्शन के लिए जाएंगे और वहां करीब 15 मिनट का समय बिताएंगे।

दर्शन के बाद मुख्यमंत्री का काफिला महाराणा सेतु मार्ग स्थित ईनाणी सिटी सेंटर पहुंचेगा, जहां मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यहां वे लोगों को संबोधित करेंगे और इसके बाद दोपहर लगभग 1:55 बजे वापस रवाना हो जाएंगे।

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन और आयोजकों की ओर से सुरक्षा और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।


ईनाणी सिटी सेंटर में विशाल पांडाल, हजारों लोगों के बैठने की व्यवस्था

मुख्य कार्यक्रम के लिए महाराणा सेतु मार्ग स्थित ईनाणी सिटी सेंटर परिसर में बड़े स्तर पर पांडाल तैयार किया जा रहा है। करीब एक लाख वर्ग फीट क्षेत्र में यह पांडाल बनाया गया है।

इसमें लगभग 25 से 30 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है, ताकि कार्यक्रम में आने वाले लोगों को आसानी से बैठने की जगह मिल सके। आयोजन स्थल का कुल क्षेत्रफल करीब पौने दो लाख वर्ग फीट बताया जा रहा है।

आयोजकों का कहना है कि यदि कार्यक्रम में लोगों की संख्या ज्यादा होती है तो बैठने की व्यवस्था को आगे तक बढ़ाया जाएगा। मुख्यमंत्री और अन्य अतिथियों के लिए एक बड़ा मंच भी तैयार किया गया है।

यह मंच करीब 24 गुणा 60 फीट का बनाया गया है और मंच पर टावर एसी लगाए जाएंगे, ताकि मंच पर मौजूद अतिथियों को गर्मी से राहत मिल सके और कार्यक्रम सुचारु रूप से चल सके।

गर्मी से राहत के लिए कूलर, स्प्रिंकल और पानी के टैंकर की व्यवस्था

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के आने की संभावना को देखते हुए गर्मी से बचाव के लिए भी विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। पांडाल के अंदर आमजन के लिए करीब 50 से 60 कूलर लगाए जाएंगे, ताकि लोगों को गर्मी से राहत मिल सके।

इसके अलावा पांडाल के ऊपर स्प्रिंकल फव्वारे भी लगाए जा रहे हैं, जिससे माहौल को ठंडा रखा जा सके। पीने के पानी की पर्याप्त व्यवस्था करने के लिए कार्यक्रम स्थल पर कई पानी के टैंकर भी लगाए जाएंगे।

आयोजकों के अनुसार पूरे कार्यक्रम स्थल पर लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पानी और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं की जा रही हैं, ताकि बड़ी संख्या में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

जौहर स्मृति संस्थान और राजपूत समाज का आयोजन, कई प्रमुख अतिथि होंगे शामिल

यह कार्यक्रम जोहर स्मृति संस्थान और राजपूत समाज की ओर से आयोजित किया जा रहा है, जिसका मुख्य कार्यक्रम रविवार को होगा। इस समारोह में कई प्रमुख अतिथि भी शामिल होंगे।

इनमें मेवाड़ की राजमाता निरुपमा कुमारी मेवाड, श्रीजी हुजूर महाराणा विश्वराज सिंह मेवाड़, महारानी महिमा कुमारी मेवाड़, केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, राजस्थान सरकार के खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ और सहकारिता मंत्री गौतम दक मौजूद रहेंगे।

इसके अलावा पंजाब के पूर्व राज्यपाल वीपी सिंह बदनोर, शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी, सांसद सीपी जोशी, चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभान सिंह आक्या, बेगूं विधायक सुरेश धाकड़, निंबाहेड़ा विधायक श्रीचंद कृपलानी, कपासन विधायक अर्जुन लाल जीनगर और अन्य जनप्रतिनिधि भी समारोह में शामिल होंगे।

बड़ी संख्या में समाज के लोग भी कार्यक्रम में भाग लेने के लिए पहुंचेंगे, जिसके चलते प्रशासन और आयोजकों की ओर से सभी व्यवस्थाओं को लगभग पूरा कर लिया गया है।

Similar News