11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस हर्षोल्लास से मनाया

Update: 2025-06-21 08:57 GMT

 

चित्तौड़गढ़ । युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की स्वायत्तशासी संस्था मेरा युवा भारत (MY Bharat), चित्तौड़गढ़ के तत्वावधान में जिले के विभिन्न क्षेत्रों—तुंबड़िया, कपासन एवं डूंगला—में 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विविध योग कार्यक्रमों का आयोजन भव्य रूप से किया गया। इन आयोजनों का उद्देश्य आमजन, विशेषकर युवाओं को योग के महत्व से परिचित कराना, मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा सामूहिक सहभागिता के माध्यम से सामाजिक एकता को मजबूत करना रहा।

तुंबड़िया: सामूहिक योगाभ्यास के साथ एकता का प्रदर्शन

ग्राम पंचायत तुंबड़िया पंचायत प्रशासन और मेरा युवा भारत केंद्र चित्तौडगढ में योग दिवस का आयोजन गांव के मध्य स्थित प्राचीन बालाजी मंदिर परिसर में किया गया, जहाँ ग्रामीणों, विद्यार्थियों और सरकारी कर्मचारियों ने एकजुट होकर सामूहिक योगाभ्यास किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि पंचायत प्रशासक भेरूलाल जी पुरोहित एवं पंचायत प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी रामलाल जाट उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्यालय स्टाफ, ग्राम पंचायत के कर्मचारी, एएनएम, ग्राम वीडियो सहित अनेक ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शारीरिक शिक्षक मोहम्मद शकील के निर्देशन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। पंचायत प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी रामलाल जाट ने योग के ऐतिहासिक महत्व, इसके दैनिक जीवन में उपयोग, मानसिक शांति और सामाजिक समरसता पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने योग को निरोग जीवन का मूलमंत्र बताया।

कपासन: युवाओं में उत्साह, योग प्रशिक्षक उज्ज्वल दाधीच के सान्निध्य में योग

कपासन शहर में आयोजित कार्यक्रम का आयोजन मेरा युवा भारत केंद्र, चित्तौड़गढ़ द्वारा दी ड्रीमर्स अकादमी एवं J.K.S. युथ क्लब के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। इस कार्यक्रम का संचालन योग प्रशिक्षक उज्ज्वल दाधीच द्वारा किया गया, जिन्होंने युवाओं को योग के वैज्ञानिक पहलुओं के बारे में जानकारी देते हुए विभिन्न योगाभ्यास करवाए। कार्यक्रम में JKS क्लब के सदस्य रज्जाक, सुनील, युवराज, तथा स्थानीय छात्र सुरेश चंद्र जाट, मुकेश कुमार, धर्मराज सहित अन्य छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।योग सत्र के पश्चात युवाओं को संबोधित करते हुए उज्ज्वल दाधीच ने कहा कि “योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि एक जीवनशैली है जो अनुशासन, स्वास्थ्य और मानसिक स्थिरता का मार्ग प्रशस्त करता है।”

डूंगला: मेरा युवा भारत स्वंय सेवको ने ब्लाक स्तरीय कार्यक्रम में भाग लिया

डूंगला ब्लॉक में पंचायत परिसर में ब्लाक स्तरीय कार्यक्रम में मेरा युवा भारत केंद्र चित्तौडगढ से सम्न्द्धता रखने वाले मदर टेरेसा मंडल, चित्तौड़गढ़ की संयोजक श्वेता सामर के नेतृत्व में पंचायत समिति परिसर एवं स्वास्तिक कंप्यूटर एजुकेशन संस्थान में भव्य योग सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उपखंड अधिकारी ईश्वरलाल खटीक ने योग दिवस के महत्व पर बोलते हुए कहा, “योग मानसिक तनाव को दूर करता है और समग्र स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है। आज जब हम 11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मना रहे हैं, तो यह जरूरी है कि हम इसे अपने दैनिक जीवन में अपनाएं।” योग शिक्षिका माया व्यास ने उपस्थित जनसमूह को योगाभ्यास करवाया और उसकी विधियों एवं लाभों को विस्तार से समझाया। इस आयोजन में सहायक विकास अधिकारी संजय वैष्णव, वार्ड पंच भगवती तेली, शिक्षकगण, ग्रामवासी तथा मंडल के सक्रिय सदस्य जीवन जनवा, पीयूष, शिवराज, वेदिका लोहार, यशोदा मेघवाल, सपना सुथार आदि गणमान्य नागरिकों की सक्रिय उपस्थिति रही। इन कार्यक्रमों के माध्यम से मेरा युवा भारत, चित्तौड़गढ़ ने जिले में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता, युवाओं की भागीदारी और भारतीय परंपरा योग की समृद्धि को पुनः उजागर करने का सफल प्रयास किया। इन आयोजनों ने यह सिद्ध कर दिया कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ समाज की दिशा में एक आंदोलन है।

Similar News