जनगणना-2027 के सफल क्रियान्वयन हेतु तीन दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित

Update: 2026-02-11 14:30 GMT

चित्तौड़गढ़। आगामी भारत की जनगणना-2027 के राष्ट्रीय महाअभियान के सफल एवं सुचारू क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला मुख्यालय स्थित सांख्यिकी कार्यालय में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण की अध्यक्षता उप जिला जनगणना अधिकारी एवं उप निदेशक, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग शबनम खोरवाल ने की।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना निदेशालय से आए सांख्यिकी अधिकारी महेन्द्र कुमार मीणा एवं द्विपेंन्द्र धाभाई द्वारा जिले के चार्ज कार्यालयों (तहसील/नगर क्षेत्र) से नियुक्त नियमित सहायकों को विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

इस अवसर पर खोरवाल ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना-2027 पूरी तरह से पेपरलेस एवं डिजिटल माध्यम से संपन्न की जाएगी। जनगणना देश के विकास की आधारशिला है, अतः इसमें संलग्न प्रत्येक कार्मिक का दायित्व है कि वह प्रशिक्षण प्राप्त कर पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करे।

प्रशिक्षण के दौरान पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जनगणना कार्य से संबंधित CMMS पोर्टल, HLBC वेब एप्लीकेशन एवं HLO मोबाइल ऐप का गहन तकनीकी एवं प्रायोगिक प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही चार्ज स्तर पर संपादित किए जाने वाले जनगणना संबंधी कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

महेन्द्र कुमार मीणा ने बताया कि जनगणना-2027 राष्ट्रीय महत्व का अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है, जिसकी गुणवत्ता सीधे अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने वाले आंकड़ों की शुद्धता से जुड़ी होती है। उन्होंने जानकारी दी कि जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का कार्य स्व-गणना के माध्यम से 1 मई से 15 मई 2027 तक तथा फील्ड कार्य 16 मई से 14 जून 2027 तक संपन्न किया जाएगा।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला स्तर पर गठित जनगणना सेल के अधिकारीगण/सहायक अधिकारी तथा प्रत्येक चार्ज कार्यालय से नियुक्त जनगणना लिपिक एवं नियमित सहायकों ने भाग लिया।

Tags:    

Similar News