भाविप की नई पहल, ऊर्जा संरक्षण जागरूकता के पंपलेट का विधायक कृपलानी ने किया विमोचन
निंबाहेड़ा।
भारत विकास परिषद, शाखा निंबाहेड़ा द्वारा ऊर्जा संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति आमजन को जागरूक करने हेतु तैयार किए गए पंपलेट का विमोचन पूर्व यूडीएच मंत्री एवं विधायक श्रीचंद कृपलानी के करकमलों द्वारा किया गया।
विमोचन से पूर्व भारत विकास परिषद निंबाहेड़ा के अध्यक्ष उमेश तोतला ने पंपलेट के उद्देश्य एवं उसमें शामिल ऊर्जा संरक्षण के विभिन्न उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि छोटे-छोटे प्रयासों से भी बड़े स्तर पर ऊर्जा की बचत संभव है।
इस अवसर पर श्री कृपलानी ने कहा कि ऊर्जा बचाना आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। यदि प्रत्येक नागरिक छोटे-छोटे प्रयास करे, तो देश को ऊर्जा संकट से बचाया जा सकता है। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि बिजली एवं जल का अनावश्यक उपयोग रोककर, सार्वजनिक परिवहन का अधिकाधिक उपयोग कर तथा प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण कर राष्ट्र निर्माण में भागीदारी निभाएं।
भारत विकास परिषद द्वारा जारी इस पंपलेट में ऊर्जा बचत के विभिन्न सरल उपायों को विस्तार से बताया गया है, जिनमें घरों में अनावश्यक विद्युत उपकरण बंद रखना, पानी की बचत करना, सार्वजनिक स्थानों पर बिजली की फिजूलखर्ची रोकना, प्राकृतिक प्रकाश का उपयोग बढ़ाना तथा सप्ताह में एक दिन साइकिल या सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने जैसे महत्वपूर्ण सुझाव शामिल हैं।
इस अवसर पर पूर्व विधायक अशोक नवलखा, निवर्तमान जिला प्रमुख गब्बर सिंह अहीर, पूर्व नगर अध्यक्ष नितिन चतुर्वेदी, नगर अध्यक्ष कपिल चौधरी, पूर्वी मंडल अध्यक्ष अशोक जाट, नगर महामंत्री देवकरण समदानी, कमलेश बनवार, कमलेश बुनकर, भारत विकास परिषद के अध्यक्ष उमेश तोतला सहित सदस्य रामलाल बैरवा, दिलीप सिंह, शिवलाल भारड़िया, मांगीलाल मेनारिया, सत्यनारायण चेचानी, श्यामलाल आमेटा, भोपाल सिंह बोडाना एवं विनोद नागोरी सहित गणमान्यजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी सदस्यों ने ऊर्जा संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
