निम्बाहेड़ा। राजस्व मण्डल अजमेर एवं जिला कलक्टर, चित्तौडग़ढ़ से प्राप्त प्रस्ताव के अनुरूप राज्य सरकार ने निम्बाहेड़ा तहसील निम्बाहेड़ा के मूल राजस्व ग्राम से लगती हुई सीमाओं पर स्थित पांच ग्रामों (ढ़ाणियों) को एतद्दश्चात् राजस्व ग्राम में घोषित किया है।
पूर्व स्वायत्त शासन मंत्री एवं विधायक चंद कृपलानी ने बताया कि राजस्थान सरकार के राजस्व विभाग ने अधिसूचना जारि कर निम्बाहेड़ा तहसील की जलिया ग्राम पंचायत के मूल राजस्व गांव पिपलिया कलां में से प्रकाशनगर, बरड़ा ग्राम पंचायत के मूल राजस्व ग्राम बोरखेड़ी में से ढावलिया, जावदा ग्राम पंचायत के मूल राजस्व ग्राम जावदा में से कान जी का खेड़ा, केली ग्राम पंचायत के मूल राजस्व ग्राम रठांजना में से खापरिया खेड़ी तथा मांगरोल ग्राम पंचायत के मूल राजस्व ग्राम मांगरोल में से लालुखेड़ा को नवीन राजस्व ग्राम के रूप में घोषित किया है।
कृपलानी ने बताया कि आदेश के माध्यम से राजस्थान भू-राजस्व अधिनियम, 1956 की धारा 107 में निहित प्रवधानों के तहत उक्त मूल राजस्व ग्राम एवं नवघोषित राजस्व ग्राम के खसरा जमाबन्दी, नक्शे आदि अभिलेखों को पृथक कर उनके संधारण के लिए जिला कलक्टर, चित्तौडग़ढ़ को अधिकृत किया गया है।