सुरक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण सरंक्षण की प्रतिज्ञा के साथ हिन्दुस्तान जिंक में 55वां सुरक्षा माह सम्पन्न

Update: 2026-04-01 10:46 GMT

चित्तौड़गढ़ (हलचल)। "सुरक्षा केवल नियमों या मशीनों से सुनिश्चित नहीं होती, बल्कि यह लोगों की जागरूकता, सक्रिय भागीदारी और जिम्मेदारी से आती है। जब हम सुरक्षा को नियम के बजाय अपनी आदत बना लेते हैं, तभी एक सुरक्षित कार्य वातावरण का निर्माण होता है।" यह विचार वरिष्ठ निरीक्षक कारखाना एवं बॉयलर्स, सूरज प्रकाश जांगिड़ ने चंदेरिया स्मेल्टिंग कॉम्पलेक्स में आयोजित 55वें राष्ट्रीय सुरक्षा माह के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में व्यक्त किए।

सीखना और जागरूक रहना जरूरी

जांगिड़ ने इस वर्ष की थीम 'इंगेज, एजुकेट एंड एंपावर' पर जोर देते हुए कहा कि दुर्घटनाएं अक्सर ज्ञान की कमी से होती हैं, इसलिए निरंतर सीखना अनिवार्य है। उन्होंने कर्मचारियों से आह्वान किया कि यदि कहीं भी असुरक्षित स्थिति दिखे तो उसकी तुरंत रिपोर्ट करें, ताकि शून्य दुर्घटना के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके।

विकसित भारत के लिए सुरक्षा और स्वास्थ्य सर्वोपरि

समारोह में चंदेरिया स्मेल्टिंग कॉम्पलेक्स के आईबीयू सीईओ आलोक रंजन ने कहा कि हिंदुस्तान जिंक सुरक्षा के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है। हमारा प्रयास है कि यह स्मेल्टर सुरक्षा मानकों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक मिसाल पेश करे। वहीं, मजदूर संघ के महामंत्री घनश्याम सिंह राणावत ने कर्मचारियों से अपील की कि वे सुरक्षा को सदैव प्राथमिकता दें और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही न बरतें।

महीने भर चलीं विभिन्न गतिविधियां

सुरक्षा प्रमुख बालचंद पाटीदार ने वर्षभर के सुरक्षा प्रदर्शन का ब्यौरा देते हुए बताया कि सुरक्षा माह के दौरान सुरक्षा रैली, 'रन फॉर सेफ्टी' मैराथन, स्कूलों में प्रशिक्षण, पोस्टर प्रतियोगिता और ऑनलाइन क्विज जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए। समापन अवसर पर पायरो, हाइड्रो और सीपीपी की टीमों ने नुक्कड़ नाटक के जरिए सुरक्षा का प्रभावी संदेश दिया। विजेताओं को अतिथियों द्वारा पुरस्कृत भी किया गया।

इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति

इस अवसर पर अनरीत मुखर्जी, पुष्पेंद्र मीणा, महेश कनन, अनूप कुमार, अभय प्रताप, रिपन घोष सहित मजदूर संघ के पदाधिकारी, जिंक अधिकारी और बिजनेस पार्टनर के प्रतिनिधि उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन अभिषेक कोठारी ने किया।

Tags:    

Similar News