चित्तौड़गढ़-नीमच फोरलेन पर बड़ी वारदात: सूने मकान से 20 लाख की पार, सीसीटीवी में कैद हुए चोर
निम्बाहेड़ा। उपखंड के सदर थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद हैं। चित्तौड़गढ़-नीमच फोरलेन पर साकरिया ब्रिज के पास स्थित एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए अज्ञात बदमाशों ने करीब 20 लाख रुपए के माल पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की यह पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित चतुर्भुज कुमावत सोमवार शाम करीब 5 बजे अपने 10 वर्षीय बेटे के साथ मंदिर गए थे। उनकी पत्नी और बेटी पारिवारिक कार्य से मंदसौर गए हुए थे। सूने मकान का फायदा उठाकर चोरों ने अलमारी के ताले तोड़े और उसमें रखे 12 लाख रुपए नकद सहित लगभग 8 लाख रुपए मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात ले उड़े। सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक, दो आरोपी शाम 5:15 बजे घर में घुसे और 5:40 बजे तक वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
जब पीड़ित मंदिर से घर लौटे तो सामान बिखरा देख उनके होश उड़ गए। सूचना पर सदर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया है, जिसमें दो संदिग्ध दिखाई दे रहे हैं। पुलिस टीम आरोपियों की धरपकड़ के लिए अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे रही है।