प्रकृति ईश्वर का सबसे बड़ा उपहार: तीन दिवसीय प्रकृति अध्ययन शिविर सम्पन्न
By : bhilwara halchal
Update: 2026-04-04 14:48 GMT
चित्तौड़गढ़। राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड जिला मुख्यालय चित्तौड़गढ़ के तत्वावधान में तीन दिवसीय प्रकृति अध्ययन शिविर का समापन 31 मार्च को हुआ। शिविर में स्काउट, गाइड, रोवर-रेंजर सहित कुल 55 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
सीओ स्काउट चंद्रशेखर श्रीवास्तव ने बताया कि शिविर का आयोजन 29 से 31 मार्च तक किया गया, जिसमें प्रतिभागियों को पर्यावरण संरक्षण, जल व ऊर्जा बचत तथा प्रकृति अध्ययन की जानकारी दी गई। पहले दिन विभिन्न स्थलों का भ्रमण कराया गया, जबकि दूसरे दिन सीतामाता सेंचुरी में ट्रैकिंग कर प्राकृतिक व ऐतिहासिक जानकारी दी गई।
शिविर के दौरान स्वच्छता व प्लास्टिक मुक्त अभियान चलाकर जागरूकता का संदेश दिया गया। अंतिम दिन सर्वधर्म प्रार्थना सभा व सामुदायिक विकास सेमिनार के साथ शिविर का समापन हुआ।