हिन्दुस्तान जिंक द्वारा पुठोली में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में 300 से अधिक ग्रामीण लाभान्वित
हिन्दुस्तान जिंक लिमिटेड, चंदेरिया लेड जिं़क स्मेल्टर द्वारा ममता एचआईएमसी के सहयोग से पुठोली गांव में ग्रामीण स्वास्थ्य पहल के तहत् मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। जीबीएच उदयपुर चिकित्सालय की टीम ने इस शिविर में सहयोग दिया। शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण समुदाय को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान करना और उन्हें स्वास्थ्य संबंधी जागरूक करना था। शिविर में पुठोली और मुंगा का खेड़ा गांव के 324 ग्रामीणों ने लाभ लिया जिसमे 115 पुरुष, और 209 महिलाएँ एवं बच्चे शामिल थे । सभी को उनकी स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार उपचार और निःशुल्क दवाइयाँ उपलब्ध कराई गईं।
इस मेगा स्वास्थ्य शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने ग्रामीणों की विभिन्न बीमारियों की जांच और आवश्यक परामर्श दिया। जिनमे ईएनटी (कान, नाक, गला) विशेषज्ञों द्वारा सुनने, बोलने और सांस संबंधी समस्याओं की जांच, ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञों द्वारा हड्डियों, जोड़ों और मांसपेशियों से जुड़ी समस्याओं की जांच, जनरल फिजिशियन द्वारा सामान्य बीमारियों जैसे बुखार, संक्रमण, रक्तचाप आदि की जांच, स्त्री रोग विशेषज्ञ (गायनेकोलॉजिस्ट) द्वारा महिलाओं के स्वास्थ्य से संबंधित जांच और परामर्श, त्वचा सम्बंधित जाँच, रक्तचाप (बीपी), शुगर और हीमोग्लोबिन परीक्षण की सुविधा उपलब्ध करवाई गई।
स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन ग्राम सरपंच महिपाल सिंह द्वारा किया गया। उन्होंने हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड एवं ममता एचआईएमसी द्वारा किए जा रहे सराहनीय कार्यों की सराहना की और कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर ग्रामीणों के लिए लाभकारी हैं। उन्होंने आग्रह किया कि भविष्य में भी ऐसे शिविरों का आयोजन किया जाए ताकि गांव के लोग नियमित रूप से चिकित्सा सेवाओं का लाभ उठा सकें।
शिविर में चंदेरिया लेड जिंक स्मेल्टर सुन्दरराज एवं ममता एचआईएमसी से परवीर गोयल उपस्थित थे। उन्होंने समुदाय के लोगों से संवाद किया और उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं के महत्व के बारे में जानकारी दी। हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड और ममता एचआईएमसी ने भविष्य में भी इसी तरह के शिविर आयोजित करने का संकल्प लिया।