कल्याण महाकुंभ के उपलक्ष्य में ग्यारह सौ ग्यारह अखंड सुंदरकांड पाठ व सवा ग्यारह करोड़ राम नाम जाप अनुष्ठान आज से
निंबाहेड़ा | मेवाड़ के प्रसिद्ध श्री शेषावतार कल्लाजी वेदपीठ पर विंशति: 20 वें कल्याण महाकुंभ के उपलक्ष्य में चैत्र शुक्ला प्रतिपदा नववर्ष रविवार को सवा ग्यारह करोड़ राम नाम जाप, ग्यारह सौ ग्यारह अखंड सुंदरकांड पाठ एवं 108 रामचरित मानस परायण अनुष्ठान ऋषि भवन में वैदिक विधान अनुसार स्थापना कर प्रारंभ किए जाएंगे। वेदपीठ के प्रवक्ता के अनुसार इस जाप अनुष्ठान में वेदपीठ के बटुकों, आचार्यों एवं कल्याण भक्तों द्वारा पूरी श्रद्धा के साथ भागीदारी निभाई जाएगी। महाकुंभ के तहत ही ध्यान केन्द्र में ठाकुर श्री कल्लाजी को प्रथम यजमान के रूप में विराजित कर रामचरित मानस पारायण अभिजीत मुहूर्त में आरंभ किया जाएगा। इसके साथ ही वाल्मिकी रामायण एवं श्रीराम महायज्ञ में भागीदारी के लिए नगर, आसपास एवं दूर दराज के कल्याण भक्तों द्वारा पंजीयन कराया जा रहा हैं। उन्होंने बताया कि विंशति: 20 वें कल्याण महाकुंभ का भव्य आयोजन आषाढ़ कृष्णा प्रतिपदा से नवमी तक यानि 11 से 19 जून तक किया जाएगा। जिसमें इस वर्ष नौ दिवसीय राम कथा महोत्सव के माध्यम से कल्याण नगरी को अयोध्या नगरी में निरूपित करने का अकिंचन प्रयास किया जाएगा। इस पुनीत कार्य में समस्त कल्याणनगरी वासियों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों सहित दूर दराज के क्षेत्रों में निवासत समस्त कल्याण भक्तों का सहयोग अपेक्षित हैं। भगवान राम को समर्पित राम कथा रसास्वादन युग तुलसी, राम किकंर जी की परम् शिष्या एवं रामायणं ट्रस्ट की मंदाकिनी दीदी मां के मुखार्विन्द से श्रवण करने का सौभाग्य प्राप्त होगा। अपनी प्रकार की इस अनूठी कथा के आयोजन को भव्यता प्रदान करने के लिए वेदपीठ के पदाधिकारियों द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। ऐसे अनूठे प्रकल्प में भागीदारी में वेदपीठ के आचार्यो, बटुको, वीर, वीरांगनों, शक्ति दल की बालिकाओं, कृष्णा शक्ति दल की माता बहनों एवं समस्त कल्याण भक्तों से विशेष आग्रह किया गया हैं कि वे पूरे समर्पण भाव से इस अनूठे अनुष्ठान में सक्रिय भागीदारी निभाकर आयोजन को चिरस्मरणीय बनाने में कोई कोर कसर न रखें। आगामी 1 जून रविवार को कल्याणनगरी से दुर्ग मार्ग स्थित कल्लाजी छतरी तक विशाल कल्याण महापदयात्रा का आयोजन किया जाएगा।