चित्तौड़गढ़, — नीति आयोग के आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम की राज्य नोडल एवं यंग प्रोफेशनल रूपाली गुप्ता ने आशान्वित ब्लॉक निंबाहेड़ा का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने मांगरोल स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, उप-स्वास्थ्य केंद्र, पशु चिकित्सालय व आंगनवाड़ी केंद्र, चरलिया गदिया का आंगनवाड़ी केंद्र, कारुण्डा का उप-स्वास्थ्य केंद्र व आंगनवाड़ी केंद्र, स्वास्थ्य शिविर तथा जावदा का पीएम श्री विद्यालय का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान नीति आयोग ब्लॉक एबीएफ द्वारा संपूर्णता अभियान 2.0 के अंतर्गत संचालित गतिविधियों की विस्तृत जानकारी साझा की गई।
इसके पश्चात पंचायत समिति परिसर निंबाहेड़ा में उपखंड अधिकारी विकास पंचोली की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में सुश्री गुप्ता को अभियान के अंतर्गत निर्धारित छह लक्ष्यों पर प्रगति से अवगत कराया गया, जिनमें 0 से 6 वर्ष तक के बच्चों को पूरक पोषाहार,0 से 6 वर्ष तक के बच्चों की मेजरमेंट एफिशिएंसी,आंगनवाड़ी केंद्रों पर पेयजल एवं फंक्शनल टॉयलेट्स,विद्यालयों में बालिका फंक्शनल टॉयलेट्स,एफएमडी वैक्सीनेशन को संतृप्त करने की कार्ययोजना शामिल हैं।
बैठक में बीडीओ लक्ष्मण लाल खटीक ने नीति आयोग से प्राप्त अवॉर्ड राशि से आंगनबाड़ी नवीनीकरण, ज्ञान केंद्रों के निर्माण एवं रूरल मार्ट सहित विभिन्न कार्यों की प्रगति की जानकारी दी!
समीक्षा बैठक में शिक्षा विभाग से ब्लॉक मुख्य शिक्षा अधिकारी अरविंद मूंदड़ा एवं सूर्यकांत चौधरी,नीति ब्लॉक ABF राधा किशन शर्मा, चिकित्सा विभाग से ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनुराधा मीणा एवं ब्लॉक प्रोजेक्ट मैनेजर प्रकाश नागौरी, महिला एवं बाल अधिकारिता विभाग से सीडीपीओ दिलीप सिंह राठौर एवं महिला सुपरवाइजर मधु जैन, पशुपालन विभाग से वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डॉ. ओ. पी. मेहरा, कृषि विभाग से प्रियंका कटारा, तथा पीएचईडी से सहायक अभियंता रोहित सहित समस्त ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।