बेगूं में करंट की चपेट में आने से इकलौते बेटे की मौत, दो महीने बाद होनी थी शादी

Update: 2026-02-18 08:59 GMT

बेगूं। चित्तौड़गढ़ जिले के बेगूं थाना क्षेत्र के आंवलहेड़ा गांव में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 22 वर्षीय युवक अरविंद धाकड़ की करंट लगने से मौत हो गई। बेगूं थाना एएसआई भगवान लाल ने बताया कि मृतक अरविंद पुत्र शोभालाल धाकड़ बीएससी नर्सिंग सेकंड ईयर का छात्र था और अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था।

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 7 बजे अरविंद अपने परिजनों के साथ घर से कुछ दूरी पर स्थित अफीम के खेत पर काम करने गया था। सुबह 8:30 बजे जब वह पानी की मोटर चलाने लगा, तो बारिश के कारण गीले तारों में उतरे करंट की चपेट में आकर दूर जा गिरा। बेटे की चीख सुनकर पहुंचे माता-पिता उसे तत्काल काटूंदा अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है, क्योंकि महज दो महीने बाद ही अरविंद और उसकी बड़ी बहन रीना की शादी होने वाली थी। घर में जहां शादियों की तैयारियां और खुशियों का माहौल था, वहां अब मातम पसरा हुआ है। सूचना मिलने पर पंचायत समिति सदस्य शंभूलाल धाकड़ सहित कई ग्रामीणों ने अस्पताल पहुंचकर शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया।

Tags:    

Similar News