शनिमहाराज मंदिर में जांगिड़ ब्राह्मण समाज की चौखला बैठक, समाजहित में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय

Update: 2026-02-18 07:46 GMT

कपासन - जांगिड़ ब्राह्मण (सुथार) समाज शनिमहाराज चौखला की बैठक मंगलवार (अमावस्या) को शनिमहाराज आली स्थित समाज की सराय में आयोजित हुई। बैठक में चौखला पंचों, प्रतिनिधियों एवं प्रबुद्धजनों की उपस्थिति में समाज सुधार एवं उत्थान को लेकर चर्चा हुई। सर्वसम्मति से समाजहित में निर्णय लिए गए। विवाह में अधिकतम 2 तौला सोना एवं 500 ग्राम चांदी के आभूषण बनाने, विवाह एवं अन्य मांगलिक एवं प्रसादी कार्यक्रम में डीजे और बैंड नहीं बजाने, विवाह में दूल्हे के दाढ़ी नहीं रखने, आशीर्वाद समारोह नहीं करने, समाज के युवक-युवतियों का गैर समाज में विवाह नहीं कराने, मृत्यभोज में एक मिठाई एवं धोवरा नानेरा, दादेरा, ससुराल पक्ष का रखने और अन्य पक्ष का लिफाफा मान्य रखने, लेण (बर्तन) एवं कंबल-शॉल वितरण नहीं करने, जाजम पर नशे-धूम्रपान की सामग्री वितरण नहीं करने, पीहर गौरणी एवं रात्रिजागरण में कपड़े लेना देना बंद करने, सगाई-विवाह सम्बन्ध विच्छेद होने पर कानूनी कार्यवाही नहीं करते हुए समाज के प्रबुद्धजनों-पंचों के समक्ष निर्णय करने का नियम बनाया गया। सर्वसम्मति से बने समाजहित में उक्त नियम-निर्णय को शनिमहाराज चौखला क्षेत्र में अनुमोदन कर तत्काल प्रभाव से लागू किए गए। समाज उत्थान के मुख्य उद्देश्य से बैठक का आयोजन हुआ। सामाजिक रस्में सादगीपूर्ण करने एवं फिजूलखर्ची पर रोक लगाने पर जोर दिया गया।

Similar News