निम्बाहेड़ा। अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के उदयपुर जोन कार्यालय ने पूर्व स्वायत्त शासन मंत्री एवं विधायक चंद कृपलानी की अनुशंसा पर निम्बाहेड़ा विधानसभा के कनेरा घाटा क्षेत्र में 33/11 केवी सरसी एवं बांगेड़ा घाटा जीएसएस की विद्युत वितरण क्षमता बढ़ाने की प्रशासनिक एवं तकनीकी स्वीकृति जारी की गई है।
विधायक कृपलानी ने बताया कि एईएन (ओएंडएम) एवीवीएनएल, मांगरोल के अधीन 33/11 केवी उप-स्टेशन "सरसी" पर विद्युत ट्रांसफार्मर की क्षमता (1*5) एमवीए से (1*5+ 1*3.15) एमवीए तक बढ़ाने के लिए एवीवीएनएल उदयपुर जोन के मुख्य अभियंता द्वारा 75 लाख 36 हजार 716 तथा एईएन (ओ एंड एम) एवीवीएनएल, मांगरोल के अधीन 33/11 केवी उप-स्टेशन "बांगेड़ा घाटा" पर विद्युत ट्रांसफार्मर की क्षमता (1*3.15+1*5) एमवीए से (2*5) एमवीए तक बढ़ाने के लिए 57 लाख 97 हजार 214 रुपये की तकनीकी स्वीकृति जारी की गई है। सरसी एवं बांगेडा घाटा के 33/11 जीएसएस पर विद्युत वितरण क्षमता बढ़ने से क्षेत्र में विद्युत समस्याओं से किसानों एवं क्षेत्रवासियों को निजात मिल सकेगी।
सरसी एवं बांगेडा घाटा जीएसएस पर विद्युत ट्रांसफार्मर की क्षमता में बढ़ोतरी की तकनीकी स्वीकृति जारी होने पर पूर्व विधायक अशोक नवलखा, जिला प्रमुख गब्बर सिंह अहीर, पंस प्रधान बगदीराम धाकड़, कनेरा मण्डल अध्यक्ष जुगलकिशोर धाकड़ सहित किसानों एवं क्षेत्रवासियों ने पूर्व यूडीएच मंत्री एवं विधायक श्रीचंद कृपलानी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया है।