मुख्यमंत्री विकसित शहरी अभियान के तहत 8 अप्रैल को छह स्थानों पर होंगी वार्ड सभाएं

Update: 2026-04-07 11:56 GMT

चित्तौड़गढ़ । नगर परिषद चित्तौड़गढ़ द्वारा “मुख्यमंत्री विकसित शहरी अभियान” के अंतर्गत शहर के सुनियोजित, समेकित, सतत एवं समग्र विकास के लिए वार्ड मास्टर प्लान तैयार करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इसी क्रम में 8 अप्रैल 2026 को शहर के छह विभिन्न स्थानों पर एक साथ वार्ड सभाओं का आयोजन किया जाएगा।

अभियान के तहत प्रत्येक शहरी वार्ड के लिए वार्ड स्तरीय निरीक्षण दल गठित किए गए हैं, जो संबंधित वार्डों की डायनामिक प्रोफाइल तैयार करेंगे। इस प्रोफाइल में जनसांख्यिकीय जानकारी, आर्थिक गतिविधियां, आधारभूत सुविधाएं तथा सामाजिक एवं सांस्कृतिक पहलुओं से जुड़ी सूचनाएं संकलित की जाएंगी।

इन जानकारियों के आधार पर स्थानीय वार्डवासियों, जनप्रतिनिधियों एवं अन्य हितधारकों के साथ विचार-विमर्श कर अल्पकालिक, मध्यकालिक एवं दीर्घकालिक विकास प्रस्ताव तैयार किए जाएंगे, ताकि भविष्य में क्षेत्रवार आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों की ठोस योजना बनाई जा सके।

अभियान के अंतर्गत आमजन से सुझाव प्राप्त करने के लिए प्रत्येक वार्ड में सुझाव पेटिकाएं भी स्थापित की जाएंगी। इसके अलावा नागरिक अपने सुझाव ईमेल आईडी nagarparishadchittorgarh@gmail.com के माध्यम से भी भेज सकते हैं।

नगर परिषद प्रशासन ने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर अपने क्षेत्र की समस्याओं, आवश्यकताओं एवं विकास संबंधी सुझाव देने की अपील की है।

सभी वार्ड सभाएं दोपहर 3:00 बजे से सायं 5:30 बजे तक आयोजित होंगी।

8 अप्रैल 2026 को इन स्थानों पर होंगी वार्ड सभाएं

वार्ड संख्या 1 – सामुदायिक भवन, सर्वोदय आश्रम, चंदेरिया

वार्ड संख्या 9 – नगर परिषद कार्यालय

वार्ड संख्या 12 – सामुदायिक भवन, कुंभा नगर

वार्ड संख्या 22 – सामुदायिक भवन, हाथी कुंड

वार्ड संख्या 34 – अटल सामुदायिक भवन, गांधीनगर

वार्ड संख्या 42 – मीरा मंच देहली गेट

Similar News