उदयपुर में पुलिस और तस्करों में मुठभेड़ — सवा करोड़ का डोडा-चूरा बरामद, इनोवा कार जब्त; बदमाशों ने की फायरिंग
उदयपुर। मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ उदयपुर की गोगुंदा थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मंगलवार देर रात एक नाटकीय कार्रवाई में करीब **1.25 करोड़ रुपए मूल्य का 496 किलो डोडा चूरा** बरामद किया है। तस्करों और पुलिस के बीच मुठभेड़ भी हुई जिसमें बदमाशों ने पुलिस पर 7 से 8 राउंड फायर झोंके। हालांकि पुलिस की सूझबूझ और तगड़ी नाकाबंदी से तस्कर एक कार छोड़कर भाग निकले।
थानाधिकारी श्याम सिंह के अनुसार, पुलिस टीम ने ईसवाल–कुंभलगढ़ रोड पर अमर चंदिया तालाब के पास नाकाबंदी की थी। इसी दौरान देर रात **लोसिंग की तरफ से दो इनोवा कारें** तेज रफ्तार से आती हुई दिखीं। पुलिस ने रोकने का इशारा किया, लेकिन तस्करों ने रफ्तार और बढ़ा दी।कॉन्स्टेबल योगेन्द्र सेन ने तत्परता दिखाते हुए रोड पर टायर ब्रेकर स्टिक फेंकी, जिससे दूसरी कार का टायर ब्रस्ट हो गया। इसके बावजूद बदमाश कार दौड़ाते रहे। इसके बाद पुलिस और तस्करों के बीच हाईवे पर पीछा शुरू हुआ।
तस्करों ने पुलिस पर की ताबड़तोड़ फायरिंग*
पीछा करने के दौरान टायर ब्रस्ट कार में बैठे एक बदमाश ने पुलिस वाहन पर **7 से 8 राउंड गोलियां दागीं**। अचानक हुई फायरिंग से कुछ देर के लिए हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी आरोपी कार के टायर पर फायर किए। दबाव बढ़ने पर तस्कर कठार गांव के पास एक कार छोड़कर अंधेरे में फरार हो गए।
25 कट्टों में 496.89 किलो डोडा-चूरा बरामद*
पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसमें से 25 कट्टों में भरा **कुल 496.89 किलो अवैध डोडा-चूरा** बरामद हुआ। बरामद माल की अनुमानित कीमत सवा करोड़ रुपए से अधिक बताई जा रही है। यही नहीं, कार में **गुजरात और राजस्थान के दो अलग-अलग नंबर प्लेट** भी मिली हैं, जिससे साफ है कि तस्कर पहचान छिपाने के लिए कई स्तर पर तैयारी करके आए थे।
फरार तस्करों की तलाश जारी
गोगुंदा थाना पुलिस ने बरामद डोडा-चूरा और कार को जब्त कर लिया है। दूसरी कार में सवार बदमाश भी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। पुलिस टीम अब सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी इनपुट के आधार पर तस्करों की पहचान में जुटी है।
एसपी उदयपुर ने बताया कि इस कार्रवाई से तस्करों के एक बड़े नेटवर्क को झटका लगा है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। जल्द ही सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
