जननी एक्सप्रेस सेवा ठप, 108 से गर्भवती महिलाओं को अस्पताल पहुंचाने के निर्देश

Update: 2026-01-08 09:20 GMT

 जयपुर |प्रदेश में गर्भवती महिलाओं को घर से सरकारी अस्पताल तक पहुंचाने के लिए शुरू की गई 104 जननी एक्सप्रेस सेवा फिलहाल बंद हो चुकी है। इस कारण गर्भवती और प्रसव के बाद की महिलाओं को अब एंबुलेंस सुविधा के लिए 108 नंबर पर कॉल करना होगा। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के निदेशक ने 108 टेलीकॉल सेवा संचालित करने वाली कंपनी को इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।

सेवा बंद होने से गर्भवती महिलाओं को परेशानी

104 जननी एक्सप्रेस सेवा का संचालन मॉडर्न इमरजेंसी सर्विसेज कंपनी द्वारा किया जा रहा था। इस कंपनी का अनुबंध 10 दिसंबर को समाप्त हो गया, जिसके बाद सेवा ठप हो गई। इस योजना के तहत पूरे प्रदेश में लगभग 600 एंबुलेंस संचालित थीं, जिनसे गर्भवती महिलाओं को घर से अस्पताल ले जाने और प्रसव के बाद वापस घर पहुंचाने की सुविधा मिलती थी।

पिछले कुछ दिनों से सेवा बंद रहने के कारण कई गर्भवती महिलाओं को समय पर एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो पा रही है। स्थिति को देखते हुए नेशनल हेल्थ मिशन ने अस्थायी रूप से 108 एंबुलेंस सेवा को यह जिम्मेदारी सौंपी है। निदेशक ने निर्देश दिए हैं कि अत्यावश्यक मामलों में 108 के माध्यम से एंबुलेंस उपलब्ध कराई जाए। यह व्यवस्था तब तक जारी रहेगी, जब तक 104 सेवा में शामिल सभी एंबुलेंस संबंधित जिलों के सीएमएचओ या अन्य अधिकारियों को हैंडओवर नहीं कर दी जातीं।

z

टेंडर में देरी पर उठे सवाल

इस पूरे मामले में एनएचएम अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। अधिकारियों को पहले से जानकारी थी कि दिसंबर में 104 जननी एक्सप्रेस सेवा का अनुबंध समाप्त होने वाला है, इसके बावजूद समय रहते नए टेंडर की प्रक्रिया शुरू नहीं की गई।

बताया जा रहा है कि इस सेवा के लिए नवंबर के अंतिम सप्ताह में टेंडर जारी किए गए, जिनकी प्रक्रिया अभी तक पूरी नहीं हो सकी है। ऐसे में जब तक टेंडर प्रक्रिया पूरी नहीं होती और किसी नई कंपनी को एंबुलेंस संचालन का जिम्मा नहीं सौंपा जाता, तब तक गर्भवती महिलाओं को इसी तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

Similar News