नीलगाय से टकराने पर युवक की दर्दनाक मौत, बाइक से घर जाते समय हुआ हादसा
बाली। बाली थाना क्षेत्र में एक हृदयविदारक सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना बुधवार रात की है जब युवक अपनी बाइक से घर लौट रहा था।
बाली पुलिस एएसआई कमल मीणा ने बताया कि फलानिया फली दानवरली निवासी भावाराम उर्फ भावेश (20) पुत्र भूराराम गरासिया बुधवार रात करीब 10:30 बजे अपनी मोटरसाइकिल से घर की तरफ जा रहा था। इसी दौरान जब वह बोया गांव के तिराहे के पास पहुंचा, तभी अचानक सामने से एक नीलगाय आ गई। अंधेरे के कारण युवक को संभलने का मौका नहीं मिला और उसकी मोटरसाइकिल नीलगाय से जा टकराई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक मोटरसाइकिल सहित सड़क पर गिर पड़ा। हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एएसआई कमल मीणा ने बताया कि मृतक के पिता भूराराम गरासिया की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।