जीप-ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर में अधेड़ की मौत, भांजे की शादी की खुशियां मातम में बदली
श्रीगंगानगर। श्रीगंगानगर जिले के सूरतगढ़ सदर थाना क्षेत्र में कल देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब मृतक अपनी जीप में सामान लेकर भांजे की शादी में शामिल होने के लिए श्रीगंगानगर की ओर जा रहा था। आज होने वाली शादी की तैयारियां और खुशियां अब परिवार में शोक और मातम में बदल गई हैं। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना का मुकदमा दर्ज किया गया है।
सूरतगढ़ सदर थाने के एएसआई शिवजी मीणा ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक की पहचान सूरतगढ़ के वार्ड नंबर 42, आदर्श कॉलोनी निवासी राकेश अरोड़ा (55) के रूप में हुई है। राकेश अरोड़ा पेशे से बिल्डिंग डिस्मेंटलिंग का काम करता था और उसका परिवार सूरतगढ़ में ही रहता है। उनकी एक बेटी कनाडा में रहती है और कुछ दिन पहले उसकी पत्नी बेटी से मिलने कनाडा गई थीं।
एएसआई मीणा ने बताया कि राकेश अरोड़ा कल रात करीब 10 बजे अपनी फौजी मॉडल की जीप में कुछ सामान लादकर सूरतगढ़ से श्रीगंगानगर के लिए रवाना हुआ था। वह अपने भांजे की शादी में शामिल होने जा रहा था, जो आज श्रीगंगानगर में होनी थी। सूरतगढ़-श्रीगंगानगर नेशनल हाईवे 62 पर चक 22-एलजीडब्ल्यू के पास उनकी जीप आगे चल रही एक ट्रैक्टर ट्राली से पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
पुलिस जांच के अनुसार ट्रैक्टर ट्राली के चालक ने अचानक ब्रेक लगाई थी, संभवतः क्योंकि उसके आगे कोई वाहन या पशु आ गया था। इस वजह से पीछे से आ रही राकेश अरोड़ा की जीप अनियंत्रित होकर ट्राली से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि राकेश अरोड़ा के सिर में गंभीर चोट लगी और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। आज पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद शव को परिवार वालों को सौंप दिया गया है।परिवार में इस घटना से गहरा सदमा है। राकेश अरोड़ा के भांजे की शादी की तैयारियां जोरों पर थीं, लेकिन अब पूरा परिवार शोक में डूबा हुआ है। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया है और हादसे की विस्तृत जांच कर रही है।