व्यापारियों ने कलेक्‍ट्रेट पर क‍िया प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन

Update: 2026-02-09 09:27 GMT

राजसमंद। जिला मुख्यालय पर पिछले दिनों मोबाइल शोरूम में हुई चोरी की वारदात को लेकर व्यापारियों में भारी आक्रोश देखने को मिला। समस्त व्यापार मंडल के पदाधिकारी और व्यापारी कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां उन्होंने प्रदर्शन करते हुए जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों ने चोरी की घटना का जल्द खुलासा करने और चोरी गए माल की शीघ्र बरामदगी की मांग की।

छोटी मोरवड़ निवासी अनिल पालीवाल ने बताया कि उनकी 100 फीट रोड स्थित वन क्लिक मोबाइल नामक दुकान में 26 जनवरी की रात अज्ञात बदमाशों ने शटर तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर दुकान से मोबाइल फोन, मोबाइल पार्ट्स और अन्य एक्सेसरीज़ चोरी कर ले गए।

व्यापारियों का कहना है कि जिस स्थान पर चोरी हुई वह शहर का मुख्य चौराहा है, जहां हर समय पुलिस की मौजूदगी रहती है। ऐसे में इस तरह की घटना से कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में आरोपियों की पहचान होने के बावजूद 11 दिन बीत जाने के बाद भी न तो चोर पकड़े गए हैं और न ही करीब 10 से 12 लाख रुपये का चोरी हुआ माल बरामद किया जा सका है।

व्यापार मंडल ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Tags:    

Similar News