निजी बसों की हड़ताल से यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें, परिवहन विभाग हुआ सख्त
जयपुर। राजस्थान में निजी बस ऑपरेटर्स की हड़ताल ने यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी है। हड़ताल के चलते अब परिवहन विभाग ने भी कड़ा रुख अपना लिया है। विभाग ने रोडवेज प्रशासन को 'अलर्ट मोड' पर रहने के निर्देश दिए हैं, साथ ही पुलिस प्रशासन को उपद्रवियों और बसें रोकने वालों पर कड़ी निगरानी रखने को कहा है। स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि यदि कोई भी जबरन बस रोकेगा तो उसके खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।
**जयपुर में थमे 2 हजार बसों के पहिए:**
हड़ताल का व्यापक असर राजधानी जयपुर में देखने को मिला, जहां करीब दो हजार निजी बसों का संचालन ठप रहा। स्लीपर कोच और स्टेज कैरिज बसों के नहीं चलने से सिंधी कैंप बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। निजी बसों के अभाव में यात्रियों को रोडवेज बसों का सहारा लेना पड़ा, जिससे रोडवेज की गाड़ियां खचाखच भरी नजर आईं।
**खाटू मेले में रोडवेज ने संभाला मोर्चा:**
खाटूश्यामजी के वार्षिक मेले के दौरान निजी बसें नहीं चलने से श्रद्धालुओं को बड़ी परेशानी हुई। स्थिति को संभालने के लिए रोडवेज प्रशासन को आनन-फानन में 200 अतिरिक्त बसें लगानी पड़ीं। मेले में जाने वाले यात्री पूरी तरह रोडवेज के भरोसे ही रहे।
**वार्ता विफल, हड़ताल रहेगी जारी:**
बस ऑपरेटर्स ने मंगलवार को जयपुर के विभिन्न हिस्सों में बसें खड़ी कर सिंधी कैंप पर जोरदार प्रदर्शन किया। इसके बाद ऑपरेटरों का एक प्रतिनिधिमंडल परिवहन मुख्यालय पहुंचा और अधिकारियों के साथ वार्ता की। हालांकि, मांगों पर सहमति नहीं बन पाने के कारण वार्ता विफल रही। बस ऑपरेटर्स ने स्पष्ट कर दिया है कि उनकी मांगों पर विचार होने तक हड़ताल जारी रहेगी।
---
**भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:**
**समाचार:** प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)
**विज्ञापन:** विजय गढवाल 6377364129
**संपर्क कार्यालय:** भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455
