नकली दूध बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़, नामी डेयरी के कोड की आड़ में चल रहा था काला खेल
अलवर/बानसूर। कोटपुतली-बहरोड़ जिले के बानसूर उपखंड अंतर्गत बाबरिया गांव में सोमवार देर रात खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली दूध बनाने के कारखाने को पकड़ा है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में मिलावटी दूध और उसे बनाने में प्रयुक्त होने वाली सामग्री जब्त कर मौके पर ही नष्ट की गई।
रिफाइंड तेल और लैक्टोज पाउडर से तैयार हो रहा था 'जहर'
खाद्य सुरक्षा अधिकारी शशिकांत शर्मा के नेतृत्व में टीम ने बाबरिया स्थित जगराम यादव द्वारा संचालित दूध कलेक्शन सेंटर पर छापा मारा। यह सेंटर एक नामी ब्रांड की डेयरी के कोड संख्या (724) का उपयोग कर रहा था। घर के एक कमरे में चल रही इस डेयरी के निरीक्षण के दौरान टीम को चार बड़ी मिक्सर मशीनें, न्यूट्रीलाइट रिफाइंड तेल के पीपे, गैस चूल्हे, इमल्सीफायर, 25 किलो लैक्टोज पाउडर और क्रीम निकालने की मशीन बरामद हुई।
700 लीटर दूध और कच्चा माल मौके पर नष्ट
मौके पर लगभग 200 लीटर तैयार मिलावटी दूध और बीएमसी में भरा 500 लीटर दूध मिला। टीम ने तुरंत डेयरी सुपरवाइजर को फोन कर सेंटर का कोड बंद करवाया। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत दूध के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। पकड़े गए मिलावटी दूध, रिफाइंड तेल और अन्य हानिकारक रसायनों को मौके पर ही नष्ट करवा दिया गया। संचालक जगराम ने बताया कि वह वर्ष 2008 से दूध कलेक्शन का कार्य कर रहा है, अब विभाग जांच रिपोर्ट आने पर कड़ी विधिक कार्रवाई की तैयारी कर रहा है।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा
फोन: 7737741455
