खैरथल-तिजारा: औद्योगिक इकाइयों में नियमों की धज्जियां, 7 दिन की जांच में 1,058 फैक्ट्रियां मिलीं डिफॉल्टर

Update: 2026-02-24 13:34 GMT


भिवाड़ी/अलवर। खुशखेड़ा की अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट और 8 श्रमिकों की मौत के बाद सरकार के निर्देश पर प्रशासन ने औद्योगिक क्षेत्रों में बड़ा एक्शन शुरू किया है। खैरथल-तिजारा जिले के भिवाड़ी और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में सात दिनों तक चली सघन जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। जिले की हर दूसरी फैक्ट्री नियमों का उल्लंघन करती पाई गई है। अब तक 1,058 इकाइयों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं।

ब्लास्ट के बाद खुली नींद, गठित हुई जांच कमेटी

कार्यवाहक कलेक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला द्वारा गठित विशेष जांच समिति ने 17 से 23 फरवरी तक भिवाड़ी के औद्योगिक क्षेत्रों का व्यापक निरीक्षण किया। अतिरिक्त जिला कलेक्टर सुमित्रा मिश्र ने बताया कि विभिन्न विभागों की टीम ने कुल 2515 इकाइयों का निरीक्षण किया, जिनमें से 1,058 में मानकों का उल्लंघन पाया गया। गौरतलब है कि 16 फरवरी को खुशखेड़ा में एक रेडीमेड फैक्ट्री की आड़ में चल रही अवैध पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट हुआ था, जिसमें भारी जनहानि हुई थी।

अग्निशमन विभाग की जांच में सबसे ज्यादा खामियां

जांच रिपोर्ट के अनुसार, सबसे बदतर स्थिति सुरक्षा मानकों की है। नगर परिषद भिवाड़ी के अग्निशमन विभाग ने 466 इकाइयों की जांच की, जिनमें से 392 (लगभग 84%) नियमों के विरुद्ध मिलीं। अन्य विभागों की कार्रवाई इस प्रकार रही:

रीको (प्रथम व द्वितीय): 1098 इकाइयों की जांच में 323 को नोटिस।

फैक्ट्री एवं बॉयलर्स: 303 इकाइयों में से 194 को नोटिस।

प्रदूषण नियंत्रण मंडल: 563 में से 47 इकाइयों को नोटिस।

श्रम विभाग: 85 इकाइयों की जांच में 2 को नोटिस।

अभी और गिर सकती है गाज, जारी रहेगा अभियान

प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह जांच प्रक्रिया अभी रुकी नहीं है। औद्योगिक क्षेत्रों की लगभग आधी इकाइयों का निरीक्षण अभी शेष है, जिनकी जांच आगामी दिनों में की जाएगी। जिला प्रशासन का उद्देश्य औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा, प्रदूषण नियंत्रण और श्रम मानकों की शत-प्रतिशत अनुपालना सुनिश्चित करना है। नियमों की अनदेखी करने वाली फैक्ट्रियों पर सीलिंग और भारी जुर्माने की तलवार लटकी हुई है।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा

फोन: 7737741455

Similar News

मावली में 25 फरवरी से सजेगा 'पंच गौरव मेला',: जनकल्याणकारी योजनाओं की लगेगी प्रदर्शनी