उदयपुर की विशिष्ट पहचान का उत्सव: कल से सभी पंचायत समितियों में शुरू होंगे 'पंच गौरव मेले'

Update: 2026-02-24 13:32 GMT


उदयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर शुरू की गई 'पंच गौरव योजना' के तहत अब उदयपुर जिले की सांस्कृतिक और आर्थिक पहचान को नया विस्तार मिलने जा रहा है। जिला कलेक्टर नमित मेहता के निर्देशानुसार 25 एवं 26 फरवरी को जिले की सभी पंचायत समिति मुख्यालयों पर दो दिवसीय 'पंच गौरव मेला एवं प्रदर्शनी' का भव्य आयोजन होगा। जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी रिया डाबी के मार्गदर्शन में इन मेलों के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

इन पाँच 'गौरव' पर केंद्रित होगी प्रदर्शनी

पंच गौरव सदस्य सचिव पुनीत शर्मा ने बताया कि प्रदर्शनी में उदयपुर की विशिष्ट पहचान से जुड़े पाँच प्रमुख क्षेत्रों को केंद्र में रखा गया है:

एक जिला एक उत्पाद: मार्बल एवं ग्रेनाइट।

एक जिला एक उपज: सीताफल।

एक जिला एक वनस्पति: महुआ।

एक जिला एक खेल: तैराकी।

एक जिला एक पर्यटन स्थल: फतेहसागर एवं पिछोला झील।

स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा संबल

मेले के दौरान संबंधित विभागों द्वारा विशेष स्टॉल लगाकर इन उत्पादों और स्थलों के संरक्षण व संवर्धन की जानकारी दी जाएगी। साथ ही, स्थानीय कारीगरों, स्वयं सहायता समूहों और महिला समूहों द्वारा तैयार उत्पादों की प्रदर्शनी एवं बिक्री भी की जाएगी। इससे ग्रामीण उत्पादों को सीधा बाजार मिलेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। कृषि, उद्यानिकी और वानिकी विभाग के माध्यम से किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन और नवाचारों की जानकारी दी जाएगी।

सांस्कृतिक रंग और पारंपरिक खेल होंगे आकर्षण

दो दिवसीय आयोजन के दौरान केवल प्रदर्शनी ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक कार्यक्रम और पारंपरिक खेलों का भी प्रदर्शन होगा। युवाओं को प्रेरित करने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। यह मेला जिले की विशिष्ट पहचान को उजागर करने के साथ-साथ पर्यटन, खेल और सांस्कृतिक धरोहर को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा

फोन: 7737741455

Similar News

मावली में 25 फरवरी से सजेगा 'पंच गौरव मेला',: जनकल्याणकारी योजनाओं की लगेगी प्रदर्शनी