केंद्रीय मंत्री शेखावत ने किए श्रीनाथजी के दर्शन, पर्यटन विकास पर की चर्चा

Update: 2026-02-15 08:19 GMT

राजसमंद | केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत रविवार सुबह सपरिवार नाथद्वारा पहुंचे और श्रीनाथजी मंदिर में प्रभु श्रीनाथजी की श्रृंगार झांकी के दर्शन किए। दर्शन उपरांत मंदिर परंपरा के अनुसार मंदिर मंडल के अधिकारी सुधाकर उपाध्याय ने उपरना व रजाई ओढ़ाकर तथा श्रीनाथजी का प्रसाद भेंट कर उनका समाधान किया।

इस अवसर पर सहायक अधिकारी अनिल सनाढ्य, तिलकायत सचिव लीलाधर पुरोहित, मुख्य निष्पादन अधिकारी जितेंद्र पांडेय, जिला कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा, एसपी ममता गुप्ता सहित अन्य अधिकारी एवं सेवादार उपस्थित रहे।

मोतीमहल में पत्रकारों से बातचीत करते हुए शेखावत ने बताया कि वे हाल ही में कुंभलगढ़ किला पहुंचे थे, जहां पर्यटन विभाग और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के अधिकारियों के साथ बैठक कर कुंभलगढ़ और चित्तौड़गढ़ किला में पर्यटन को बढ़ावा देने पर चर्चा की गई।

उन्होंने कहा कि राजस्थान में ऐतिहासिक धरोहर, एक्सपीरियेंशल टूरिज्म और स्प्रिचुअल टूरिज्म की अपार संभावनाएं हैं। केंद्र और राज्य सरकार मिलकर इस दिशा में कार्य कर रही हैं ताकि प्रदेश की स्टेट जीडीपी में पर्यटन का योगदान दस प्रतिशत से अधिक हो सके।

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार ने खाटू श्यामजी मंदिर, करणी माता मंदिर और तनोट माता मंदिर में सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रसाद योजना के तहत कार्य किया है। उन्होंने कहा कि यदि प्रदेश सरकार के साथ समन्वय बनाकर कार्य किया जाए तो पर्यटकों के अनुभव को बेहतर बनाया जा सकता है, जिससे वे दोबारा यहां आने के लिए प्रेरित होंगे।

दर्शनों के बाद न्यू कॉटेज में स्थानीय कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। कार्यकर्ताओं से चर्चा के पश्चात वे जोधपुर के लिए रवाना हो गए।

Similar News