राजस्थान में ठंड का अचानक असर, 10 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट, तापमान शून्य तक गिरा

Update: 2026-01-03 06:07 GMT

जयपुर |राजस्थान में बारिश के बाद ठंड ने अचानक तेवर बदल लिए हैं। भारतीय मौसम विभाग ने सीकर, हनुमानगढ़ समेत प्रदेश के 10 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। शुक्रवार को राज्य के कई हिस्सों में सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा, जबकि सर्द हवाओं के कारण दिन में भी कड़ाके की ठंड महसूस की गई।

नए साल में पहली बार प्रदेश में तापमान शून्य डिग्री तक पहुंच गया है। हिल स्टेशन माउंट आबू में तापमान जमाव बिंदु पर दर्ज किया गया, जिससे वहां बर्फ जैसी ठंड का अहसास हुआ। वहीं रेगिस्तानी जिलों में भी सर्दी ने रिकॉर्ड तोड़ असर दिखाया। बाड़मेर में इस मौसम में पहली बार दिन का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया। बीकानेर और जैसलमेर में अधिकतम तापमान करीब 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया।

शेखावाटी अंचल में गलनभरी ठंड का दौर शुरू हो गया है। शुक्रवार को कई जिलों में कोल्ड डे जैसी स्थिति बनी रही। राजधानी जयपुर में भी दोपहर तक हल्का कोहरा छाया रहा। ठंड के इस बदले हुए मौसम का जयपुर आए पर्यटक जमकर आनंद लेते नजर आए।

मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटों में श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, अलवर, सीकर, चूरू और झुंझुनूं सहित उत्तर पूर्वी जिलों में घना कोहरा दर्ज किया गया। कोहरे और ठंडी हवाओं के कारण दिनभर ठिठुरन बनी रही। शुक्रवार को प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस चित्तौड़गढ़ में रिकॉर्ड किया गया।

राजसमंद जिले में घने कोहरे के चलते जनजीवन प्रभावित रहा। विजिबिलिटी कम होने से वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर सफर करना पड़ा। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार 4 जनवरी से प्रदेश में सर्द हवाओं की रफ्तार और तेज होने की संभावना है। इसके चलते न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट आ सकती है, जिससे सुबह और शाम की ठंड और अधिक बढ़ने के आसार हैं।

Similar News