उदयपुर हलचल । सामाजिक संस्था भारतीय जैन संघटना उदयपुर द्वारा एकता मूर्ति साइकिल यात्रा के तहत 1250 किलोमीटर की साइकिल यात्रा पर निकले आरव भारद्वाज का झीलों की नगरी उदयपुर में पहुंचने पर अभिनंदन कार्यक्रम का आयोजन माछला मगरा स्थित एकलिंग पार्क में किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सकल जैन समाज उदयपुर के अध्यक्ष राजकुमार फत्तावत तथा विशिष्ट अतिथि नगर निगम के पूर्व अध्यक्ष रविंद्र श्रीमाली थे।
सकल जैन समाज उदयपुर के अध्यक्ष राजकुमार फत्तावत ने अपने वक्तव्य में कहा कि किसी भी काम को करने में जुनून जरूरी है। जुनून से हर लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। एक 13 वर्ष के बालक आरव ने इतनी छोटी उम्र में ऐतिहासिक यात्रा करके ना केवल परिवार का बल्कि हम सभी का गौरव बढ़ाया है और एक अनूठी मिसाल पेश की है। आधुनिक भारत के निर्माता और एकता के शिल्पकार लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150 वी जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि देने दिल्ली से रवाना हुई साइकिल यात्रा 30 अक्टूबर को स्टेच्यू ऑफ यूनिटी पर संपन्न होगी। आरव द्वारा कुल 1250 किलोमीटर की यात्रा केवल 12 दिनों में संपन्न की जाएगी।
राष्ट्रपति द्वारा खेल के क्षेत्र में प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2025 से सम्मानित आरव भारद्वाज ने यात्रा के उद्देश्य बताते हुए कहा कि भारत का नाम विश्व पटल पर रोशन करना ही मेरा उद्देश्य है। पूरी यात्रा के दौरान जो स्नेह सहयोग और अपनापन लोगो से मिलता है उससे यात्रा की थकान मिट जाती है और नई ऊर्जा का संचार होता है।आरव ने उपस्थित बच्चों से अपने जीवन में लक्ष्य निर्धारित करने और उसे पाने के लिए सकारात्मक प्रयास करने का आव्हान किया। साथ ही आने वाली पीढ़ी को स्पोर्ट्स में देश के लिए मेडल लाना और डिफेंस सर्विस में भर्ती होकर देश सेवा हेतु समर्पित रहने का आव्हान किया।
भारतीय जैन संघटना उदयपुर अध्यक्ष दीपक सिंघवी ने आरव भारद्वाज और उनकी टीम का शब्दों द्वारा स्वागत करते हुए बताया कि उस यात्रा से पहले भी आरव ने वर्ष 2022 में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती और आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर पर मणिपुर से नई दिल्ली की कुल 2612 किलोमीटर की यात्रा 32 दिनों में पूर्ण की है। इसके साथ ही वर्ष 2024 में कारगिल विजय की रजत जयंती पर कारगिल युद्ध स्मारक कारगिल (लद्दाख) से दिल्ली तक 1251 किलोमीटर की यात्रा 13 दोनों में पूर्ण कर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यकारी अध्यक्ष भूपेंद्र गजावत और महामंत्री जितेंद्र सिसोदिया ने बताया कि आरव के साथ उनके पिताजी डॉ अतुल भारद्वाज, दादाजी मित्रसेन भारद्वाज, कमांडर मुख्तयार सिंह और मिलिंद शालके आदि भी इस यात्रा में साथ चल रहे हैं और आरव का हौसला बढ़ा रहे है। आरव की यात्रा का अगला पड़ाव खेरवाड़ा में रहेगा।
नगर निगम के पूर्व अध्यक्ष रविंद्र श्रीमाली ने आरव भारद्वाज को एकता मूर्ति साइकिल यात्रा की सफलता की शुभकामनाएं देते हुए आगे इससे भी अधिक बड़ी यात्रा करने और देश का नाम गौरवान्वित करने के लिए मंगल कामना प्रेषित की।
आरव भारद्वाज और उनकी टीम का मेवाड़ की परंपरा अनुसार मेवाड़ी पगड़ी, ऊपरना और स्मृति चिन्ह से अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर कोषाध्यक्ष वीरेंद्र महात्मा, कॉर्डिनेटर चंद्र प्रकाश चोरड़िया, लेडीज विंग अध्यक्ष मीना कावड़िया महामंत्री नीतू गजावत,यूथ विंग अध्यक्ष जय चौधरी, महामंत्री आयुष वक्तवत, सुधीर चित्तौड़ा, अरुण मेहता, स्थानीय पार्षद चंद्रकला बोल्या, राजेश वैरागी, महेश त्रिवेदी, परिवारिक मित्र पूनमचंद सिसोदिया, प्रवीण बोर्दिया, लोकेश टोकरावत, दीपक बोल्या आदि कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। उपस्थित सभी सदस्यों ने आरव को आगे की यात्रा हुए शुभकामनाएं प्रेषित की।
कार्यक्रम का संचालन संयोजक जितेंद्र सिसोदिया द्वारा तथा आभार कार्यकारी अध्यक्ष भूपेंद्र गजावत द्वारा ज्ञापित किया गया।
