कला शिविर संपन्न, सृजन कार्यों का भव्य प्रदर्शन

By :  vijay
Update: 2025-03-12 15:12 GMT

उदयपुर । टखमण-28 कला प्रांगण में पिछले 6 दिन से चल रहे दोनों अखिल भारतीय कला शिविरों का समापन बुधवार को हुआ। इसमें भागीदारी कर रहे देश भर के 42 कलाकारों द्वारा नवनवीन सृजन कार्यों के अवलोकन हेतु संस्था की ही कला दीर्घा में प्रदर्शनी आयोजित की गई है। देश भर से आए प्रसिद्ध कलाकार दीपक शिंदे, चरण शर्मा, पद्मश्री प्रेमजीत बारिया, राजेन्द्र पाटिल, संतोष वर्मा, विनोद शर्मा, सतीश वावरे,मनहर कापड़िया, नरेन्द्र पटेल , विद्यासागर उपाध्याय,मीनू  वास्तव, रेखा भटनागर, सुधाकर बेलेकर एवं कई स्थानीय कलाकारों की उपस्थिति में मुख्य अतिथि कलाविद् सुरेश शर्मा एवं प्रो. शैल चोयल ने दीप प्रज्वलित करते हुए उद्घाटन किया।

प्रदर्शित कई सृजन कार्यों ने दर्शक बने कलाकारों एवं कला प्रेमियों को लुभाया भी और किसी न किसी चित्रगत तत्व से प्रेरित भी किया। उल्लेखनीय है कि टखमण के साथ पश्चिम क्षेत्र संस्कृति केंद्र, उदयपुर एवं कला व संस्कृति विभाग, राजस्थान सरकार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शिविर क्रमशः अखिल भारतीय सीनियर आर्टिस्ट पेंटिंग शिविर तथा अखिल भारतीय मल्टीमीडिया कला शिविर में प्रतिभागी कलाकारों ने निज शैली में प्रदर्शित कृतियां रची है और रचनात्मक अनुभव साझा किए हैं। छः दिन तक छाए रहे कला माहौल का सृजन परिणाम भी अनूठा व आनंददायक रहा। प्रदर्शित चित्रों में मुंबई के दीपक शिंदे ने 60/54“ के एक बड़े कैनवास पर अर्द्ध अमूर्तन की निराली दुनिया रची है। गहरी रंग योजना मय पोत के पारदर्शी रंगीन परतें किसी भी सुधि दर्शक को देखते रहने के लिए प्रेरित कर सकती हैं। मुंबई के राजेंद्र पाटिल अपने चित्रों में अतीत में छाई रही आशा और भय के मिश्रित द्वंद्व के साथ अंतराल पर विशेष कार्य करते हैं। इन्हीं भावों के अनुरूप रंगों की कई परतें चित्र में सहज ही आ जाती है। प्रदर्शनी में प्रदर्शित पेंटिंग, सिरेमिक्स, ग्राफिक्स, ड्राइंग्स, आदि माध्यमों के द्वारा संपादित विविध हाव भाव व विभिन्न आकारों को दर्शाने वाली कृतियां हैं। सचिव संदीप पालीवाल ने प.क्षे.सं.कें. के आयुक्त श्री फुरकान खान के कलाकारों व कला संस्था को प्रोत्साहनार्थ दिये गए विशेष सहयोग को रेखांकित करते हुए बताया कि यह प्रदर्शनी 14 मार्च तक अवलोकनार्थ खुली रहेगी।

Similar News