डॉ. अश्विन दलवी ने संभाला पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र के निदेशक का पदभार

Update: 2026-03-19 11:24 GMT

उदयपुर । डॉ. अश्विन महेश दलवी ने गुरुवार को उदयपुर स्थित पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र (WZCC) के निदेशक के रूप में कार्यभार ग्रहण कर लिया है। उनका यह कार्यकाल आगामी तीन वर्षों के लिए होगा। पदभार ग्रहण करने के दौरान उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, पटियाला के निदेशक फुरक़ान खान, जिनके पास अब तक यहाँ का अतिरिक्त प्रभार था, ने डॉ. दलवी का स्वागत किया और उन्हें विधिवत जिम्मेदारी सौंपी।

कला और संगीत जगत में विशिष्ट पहचान

डॉ. दलवी संगीत के इटावा घराने के प्रतिष्ठित सुरबहार वादक हैं और पंडित अरविन्द पारिख के शिष्य हैं। वे दिवंगत प्रसिद्ध कला गुरु श्री महेश दलवी के पुत्र हैं। डॉ. दलवी इससे पूर्व ललित कला अकादमी, राजस्थान के अध्यक्ष (राज्य मंत्री दर्जा) के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर अपने प्रदर्शन से उन्होंने कला जगत में एक विशिष्ट पहचान बनाई है।

सांस्कृतिक गतिविधियों को मिलेगी नई दिशा

पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र के अधीन राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, गोवा, दमण-दीव और दादरा नगर हवेली की सांस्कृतिक गतिविधियों के संरक्षण और संवर्धन का महत्वपूर्ण दायित्व है। डॉ. दलवी के नेतृत्व में इन राज्यों की कला और लोक परंपराओं को नई गति और विस्तार मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। पदभार ग्रहण के अवसर पर केन्द्र के सभी वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Similar News