भगवान महावीर के 2625वें जन्मोत्सव की तैयारियाँ: 1008 दुपहिया वाहनों की धवल वाहिनी होगी मुख्य आकर्षण
उदयपुर। श्रमण भगवान महावीर स्वामी के 2625वें जन्म कल्याणक महोत्सव के उपलक्ष्य में महावीर जैन परिषद के तत्वावधान में भव्य आयोजनों की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। आगामी 31 मार्च को आयोजित होने वाली शोभायात्रा में 1008 दुपहिया वाहनों की 'धवल वाहिनी' आकर्षण का केंद्र रहेगी।
पोस्टर विमोचन और ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन: गुरुवार को बापू बाजार स्थित परिषद के मुख्य कार्यालय में सकल जैन समाज के अध्यक्ष राजकुमार फत्तावत के मुख्य आतिथ्य में रैली के पोस्टर का विमोचन किया गया। बीजेएस युथ विंग के अध्यक्ष भाविक पोखरना व महामंत्री भाविन कच्छारा ने बताया कि वाहन रैली के लिए गूगल फॉर्म के माध्यम से पंजीकरण शुरू हो चुके हैं।
रील प्रतियोगिता और पुरस्कार: कार्यकारी अध्यक्ष आयुष वक्तावत व जय चौधरी के अनुसार, युवाओं को जोड़ने के लिए रील मेकिंग प्रतियोगिता भी रखी गई है। सर्वाधिक 'लाइक' पाने वाली रील्स को क्रमशः 5100, 3100 और 2100 रुपये के नकद पुरस्कार दिए जाएंगे।
फतहसागर की पाल पर 'पीस वॉक': परिषद के कोषाध्यक्ष कुलदीप नाहर ने बताया कि 22 मार्च को प्रातः 7 बजे फतहसागर की पाल पर एक अनूठी 'पीस वॉक' आयोजित होगी। इसमें जैन ध्वज के पांच रंगों (सफेद, नीला, लाल, हरा, पीला) की 108-108 सदस्यों की पांच ब्रिगेड बनाई जाएंगी। प्रतिभागी निर्धारित रंग की टी-शर्ट और कैप पहनकर अहिंसा का संदेश देंगे।
इस दौरान दीपक सिंघवी, अरुण मेहता, यश परमार, सोनल सिंघवी सहित समाज के कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
