उज्जैन में त्रिमेस का राष्ट्रीय अधिवेशन सम्पन्न, 20 हजार वर्गफीट में बनेगा एकलिंगनाथ का मंदिर

Update: 2026-02-27 07:08 GMT

उज्जैन/उदयपुर। श्री त्रिवेदी मेवाड़ा ब्राह्मण समाज का अखिल भारतीय अधिवेशन महाकाल की नगरी उज्जैन में दिव्य संकल्पों के साथ सम्पन्न हुआ। संगठन के राष्ट्रीय संयोजक भूपेन्द्र पण्डया सागवाड़ा की अध्यक्षता में हुई आमसभा में विभिन्न राष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा कर निर्णय लिए गए। मुख्य अतिथि श्री त्रिवेदी मेवाड़ा ब्राह्मण समाज परिषद मध्यप्रदेश के प्रांतीय अध्यक्ष पंडित सुनिल जोशी रहे।

कार्यक्रम के आरम्भ में अतिथियों ने इष्टदेव एकलिंगनाथ का पूजन एवं दीप प्रज्वलन किया। ॐ नाद और ध्यान के बाद सामूहिक प्रार्थना की गई। मुख्य वक्ता भूपेन्द्र पण्डया ने अखिल भारतीय श्री त्रिवेदी मेवाड़ा ब्राह्मण समाज संस्थान के विधान व कार्यकारिणी गठन पर चर्चा, अलग-अलग प्रदेशों से सदस्यों को जोड़ना, समाज को संगठित व संस्कारवान बनाने पर चर्चा की। कार्यक्रम में पवन अमरावत, लक्ष्मीनारायण पण्डया, प्रियकांत पण्डया, पुरुषोत्तम जोशी, विजेश भाई मालपुर, शैलेश भाई ठाकर, गोमतीशंकर पण्डया व महेश जोशी ने विचार व्यक्त किये।

वक्ताओं ने कहा कि समाज के विकास का आधार शिक्षा एवं संस्कार है। इस अवसर पर सामूहिक यज्ञोपवीत संस्कार, सामूहिक विवाह संस्कार तथा रोटी व्यवहार-बेटी व्यवहार पर विचार विमर्श, समाज के जरूरतमंद सदस्यों को धार्मिक स्थलों की तीर्थयात्रा करवाना, उदयपुर में 18,000 स्क्वायर फूट के भूखंड पर अखिल भारतीय स्तर का विशाल भवन निर्माण के प्लान पर चर्चा, उदयपुर की भूमि पर प्रस्तावित भवन के भूमि पूजन की तारीख एवं विधिवत कार्यक्रम की घोषणा, अन्य विषयों पर खुले मंच के माध्यम से चर्चा की गई। समारोह का संचालन राष्ट्रीय सचिव विनोद पानेरी ने व्यक्त किया। आभार अनिल पण्डया आंजना ने व्यक्त किया। इस मौके पर छप्पन, मेवल व ऊंटी चोखले से लीलाधर त्रिवेदी, विनोद पाण्डे, जगदीश त्रिवेदी, रमाकांत सकरावत, पथोक चोखला से भंवर पण्डया, नवीन त्रिवेदी, हरेन्द्र ठाकुर, मुकेश ठाकुर, शरद ठाकुर, अशोक उपाध्याय, भरत पुरोहित, रमेश जोशी, महेश ठाकुर, विनोद त्रिवेदी ने प्रतिनिधित्व किया। देश के विभिन्न राज्य, संभाग, जिला की कोर कमेटी, समस्त चौखला कार्यकारिणी, इकाई कार्यकारिणी, युवा प्रकोष्ठ कर्मचारी प्रकोष्ठ, राजनीतिक प्रकोष्ठ, खेल प्रकोष्ठ व समस्त प्रकोष्ठ से जुड़े सभी पदाधिकारी एवं इकाई प्रकोष्ठ के प्रमुख सदस्य उपस्थित रहे।

20 हजार वर्गफीट में बनेगा एकलिंगनाथ का मंदिर:

उज्जैन के पंचक्रोशी पड़ाव-3 बड़नगर रोड़ स्थित ग्राम नलवा में मेवाड़ के आराध्य भगवान श्री एकलिंगनाथ जी के भव्य मंदिर, गुरूकुल और गोशाला के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। इस अवसर पर मेवाड़ राजघराने के महाराणा प्रताप के वंशज डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ भी विशेष रूप से मौजूद थे। डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने कहा कि त्रिवेदी मेवाड़ा ब्राह्मण समाज ने यह आयोजन मेवाड़ और मालवा का खूबसूरत संगम है। उन्होंने कहा कि महाकाल की नगरी में त्रिमेस समाज का अपने इष्टदेव एकलिंगनाथजी का मंदिर बनवाना ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने मंदिर निर्माण के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन भी दिया। मंदिर का भूमिपूजन डॉ. लक्ष्यराज सिंह द्वारा गुणा मांगल्या के महेन्द्रानंद गिरि महाराज, भर्तृहरि गुफा के रामनाथ महाराज, जोधपुर शिकारपुरा के दयाराम महाराज सहित अन्य साधु-संतों के सानिध्य में 151 जोड़ों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमिपूजन अनुष्ठान किया।

भूमि पूजन कार्यक्रम में उदयपुर संभाग सहित महाराष्ट्र, गुजरात तथा मध्यप्रदेश के दो हजार से अधिक समाजजन उपस्थित रहे।

मंदिर की खासियत:

यह मंदिर सफेद संगमरमर के पत्थरों से बनाया जाएगा। शिवलिंग काले पत्थर का स्थापित किया जाएगा। पूरे प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत सात करोड़ रूपए होगी। मंदिर का डिजाईन अहमदाबाद के सोमपुरा परिवार ने तैयार किया है। उल्लेखनीय है कि इसी परिवार ने अयोध्या के राम मंदिर का डिजाईन बनाया था। इस मंदिर का आगामी सिंहस्थ आखातीज 2028 से पहले निर्माण कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। मंदिर का गर्भगृह 13.7 बाय 13.7 बाय फीट का होगा। 13 बाय 7 फीट का द्वार बनेगा। 29 बाय 29 फीट का सभामण्डप बनेगा जिसमें तीन तरफ से प्रवेश द्वार हांेगे। परिसर में गुरूकुल भी बनेगा जिसे आधुनिक शिक्षा के केन्द्र के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके साथ ही गोशाला का निर्माण भी किया जाएगा।

Tags:    

Similar News